सूरत : सोमोलाई हनुमान गौशाला में गौभक्त स्नेह मिलन एवं गौ दर्शन महोत्सव संपन्न

भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर झूमे श्रद्धालु, गौ माता की आरती एवं लापसी प्रसाद के साथ हुआ भंडारे का आयोजन

सूरत : सोमोलाई हनुमान गौशाला में गौभक्त स्नेह मिलन एवं गौ दर्शन महोत्सव संपन्न

श्री गौ सेवा समिति द्वारा संचालित श्री सोमोलाई हनुमान गौशाला, टोरेंट पावर के आगे, गाय पगला, धोरण पारडी गांव में रविवार को गौभक्त स्नेह मिलन, गौ दर्शन एवं भंडारा कार्यक्रम हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 250 गौभक्तों ने भाग लेकर गौ सेवा एवं गौ पूजन का लाभ प्राप्त किया।

संस्था के सचिव अनिल गुप्ता ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में गौ सेवकों के सहयोग से गौ दर्शन, स्नेह मिलन, भंडारा एवं गौ माता को लापसी प्रसाद अर्पित करने का विशेष आयोजन किया गया। शहर से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित गौशाला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान भजन गायक अजीत दाधीच ने "जल जमुना को पानी किया लाऊ ओ रसिया" तथा "मीठा रस से भरेड़ी राधा रानी" सहित अनेक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं गौ माता की महिमा पर आधारित भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर माता-बहनों एवं गौभक्तों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर भक्ति रस का आनंद लिया।

संस्था के अध्यक्ष अरुण पाटोदिया ने गौशाला में संचालित विकास कार्यों एवं दैनिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष मनोज जोगानी ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें गौ माता का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात गौ माता की सामूहिक आरती की गई और उन्हें लापसी का प्रसाद अर्पित किया गया। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से मुंबई से आए जयप्रकाश शाह, उमेश अग्रवाल, रघुवीर सिंह, किरणजी, प्रकाशजी, नैनाराम, विकेशजी एवं दामोदरजी सहित मानसरोवर माजीसा महिला मंडल की बहनों तथा बड़ी संख्या में गौभक्तों ने सहभागिता निभाई। आयोजन श्रद्धा, सेवा और गौभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

Tags: Surat