सूरत : करियर गाइडेंस सेमिनार में विद्यार्थियों को मिला उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शन
भारतीय सिंधु सभा सूरत महानगर के आयोजन में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर निर्माण की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
भारतीय सिंधु सभा सूरत महानगर द्वारा सिंधी समाज के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन 31 मई को अडाजन स्थित परफॉर्मिंग आर्ट सेंटर ऑडिटोरियम में किया गया। सेमिनार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लेकर विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में भाजपा गुजरात आत्मनिर्भर सेल के प्रमुख निखिल मैथिया, भारतीय सिंधु सभा गुजरात प्रांत के युवा महामंत्री निखिल खिलवानी, क्रिएटिव कोचिंग क्लासेज के मुकेश प्रेमानी तथा फ्रैंकफिन इंस्टीट्यूट के गौतम रोहिड़ा ने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों एवं करियर निर्माण के मार्गों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
समारोह के मुख्य अतिथियों में सूरत महानगरपालिका की स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष राजन पटेल, सूरत सिटी पुलिस के डीसीबी लखबीर सिंह झाला तथा कॉरपोरेटर हर्षभाई विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रमुख महेश पमनानी की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रही। कार्यक्रम में भारतीय सिंधु सभा के पदाधिकारियों लीलाराम आहूजा, भगवानदास भागचंदानी, सुंदरदास आहूजा एवं श्रीमती सिम्मी जगवानी ने भी सहभागिता निभाई।
सेमिनार को सफल बनाने में रंजीत चांदनी, मनीष जसवानी, मयूर होतवानी, पवन हसीजा, मनीष परमाणी तथा रवि गोपलानी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर भारतीय सिंधु सभा द्वारा सिंधी समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सामाजिक कार्यकर्ता मनीष जसवानी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
