सूरत : SGCCI में नेतृत्व परिवर्तन,निखिल मद्रासी के रिकॉर्ड तोड़ कार्यकाल के बाद अशोक जीरावाला संभालेंगे चैंबर की कमान
6 जून को सरसाना SIECC में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह; रवि राज देसाई बनेंगे सबसे युवा उपाध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल सहित कई राष्ट्रीय हस्तियां रहेंगी मौजूद
सूरत। दक्षिण गुजरात की अग्रणी औद्योगिक संस्था द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) में नेतृत्व परिवर्तन का ऐतिहासिक अवसर 6 जून को सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एसआईईसीसी) में आयोजित होगा।
वर्ष 2025-26 के अध्यक्ष निखिल मद्रासी अपना सफल और उपलब्धियों से भरा कार्यकाल पूर्ण कर पदभार सौंपेंगे, जबकि वरिष्ठ उद्योगपति अशोक जीरावाला वर्ष 2026-27 के लिए नए अध्यक्ष और रवि राज देसाई नए उपाध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
निखिल मद्रासी का कार्यकाल उपलब्धियों से रहा भरपूर
निखिल मद्रासी के नेतृत्व में एसजीसीसीआई ने वर्ष 2025-26 के दौरान गतिविधियों, उद्योग हितों और वैश्विक संपर्कों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उनके कार्यकाल में 525 से अधिक मेगा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें 411 से अधिक सेमिनार एवं वर्कशॉप, 56 औद्योगिक भ्रमण, 43 स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और तीन वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम शामिल रहे।
चैंबर ने रिकॉर्ड 22 औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रदर्शनियों का आयोजन किया, जिनमें ‘वेल्थ एक्सपो’, ‘केमिकल एंड फार्मा एक्सपो’ और ‘ईपीई एक्सपो’ विशेष रूप से चर्चित रहे। कला एवं संस्कृति समिति ने भी पांच प्रदर्शनियों के माध्यम से कला को उद्योग के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए।
उद्योगों को हजारों करोड़ रुपये का लाभ
चैंबर के विभिन्न प्रतिनिधित्वों और प्रयासों के परिणामस्वरूप उद्योग जगत को लगभग 17,105 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ मिलने का दावा किया गया है। टेक्सटाइल मशीनरी एवं पॉलिएस्टर यार्न पर लागू गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (QCO) हटाने, बिजली उपभोक्ताओं के लिए टाइम ऑफ यूज (TOU) डिस्काउंट अवधि बढ़ाने जैसे निर्णयों से उद्योगों को बड़ी राहत मिली।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी सूरत की पहचान
निखिल मद्रासी के कार्यकाल में एसजीसीसीआई के छह अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों के दौरे पर गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में बोत्सवाना गए प्रतिनिधिमंडल में सूरत के उद्योगपतियों ने भाग लिया, जहां सूरत के केपी ग्रुप ने 36,000 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए।
इसके अलावा इंडोनेशिया, चीन, वियतनाम और घाना के साथ व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती मिली। चैंबर के आमंत्रण पर जिम्बाब्वे के उपराष्ट्रपति का सूरत आगमन भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
शिक्षा और कौशल विकास में भी सफलता
SGCCI एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर ने टेक्सटाइल, इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर 86 बैच संचालित कर 1,165 विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। इस गतिविधि से संस्था को 1.31 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई तथा लगभग 80 लाख रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया गया।
अशोक जीरावाला के नेतृत्व से नई उम्मीदें
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक जीरावाला दक्षिण गुजरात के टेक्सटाइल उद्योग का एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे फेडरेशन ऑफ गुजरात वीवर्स वेलफेयर एसोसिएशन (FOGWA) के अध्यक्ष हैं और लंबे समय से बुनकरों एवं टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं।
पिछले 20 वर्षों से चैंबर से जुड़े अशोक जीरावाला वर्ष 2025-26 में उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे और उद्योगों के विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व किया। उनका मानना है कि टेक्सटाइल उद्योग को ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों से जोड़कर वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाना समय की मांग है।
रवि राज देसाई बने सबसे युवा उपाध्यक्ष
नए उपाध्यक्ष रवि राज देसाई चैंबर के इतिहास में सबसे कम उम्र में इस पद तक पहुंचने वाले उद्योग प्रतिनिधि होंगे। वे इंजीनियरिंग और प्रबंधन क्षेत्र की मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखते हैं तथा विभिन्न औद्योगिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे कई उद्योग संगठनों और फाउंडेशनों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी प्रमुख हस्तियां
6 जून को आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल, गुजरात के गृह राज्य मंत्री श्री हर्ष संघवी, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति श्री जे.के. माहेश्वरी, उद्योगपति डॉ. आनंद देशपांडे, बालाजी वेफर्स के संस्थापक श्री चंदूभाई विरानी, राज्यसभा सांसद श्री गोविंद ढोलकिया, सूरत सांसद श्री मुकेश दलाल, बारडोली सांसद श्री प्रभु वसावा सहित उद्योग, न्याय, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
चैंबर की स्थापना वर्ष 1940 से चली आ रही परंपरा के अनुसार, निवर्तमान अध्यक्ष निखिल मद्रासी औपचारिक रूप से नए अध्यक्ष अशोक जीरावाला और उपाध्यक्ष रवि राज देसाई को पदभार सौंपेंगे।
