रोहित-हार्दिक को बीसीसीआई का अल्टीमेटम, अफगानिस्तान सीरीज से हो सकते हैं बाहर!

रोहित-हार्दिक को बीसीसीआई का अल्टीमेटम, अफगानिस्तान सीरीज से हो सकते हैं बाहर!

मुंबई, 03 जून (वेब वार्ता)। अफ़ग़ानिस्तान वनडे सीरीज़ से पहले रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या को बीसीसीआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में देना होगा फिटनेस टेस्ट। जानिए कब और कहाँ खेले जाएंगे मुक़ाबले।

अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट कर दिया है कि प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने से पहले उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से फिटनेस क्लियरेंस लेना होगा।

हार्दिक पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनके चयन के साथ फिटनेस संबंधी शर्त भी जोड़ी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक 2 जून को  बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे और सीरीज शुरू होने से पहले वहां एक हफ्ते से अधिक समय बिताएंगे।

हार्दिक पांड्या को साबित करनी होगी फिटनेस
इस दौरान 32 वर्षीय ऑलराउंडर को फिटनेस ड्रिल और फिजिकल असेसमेंट से गुजरना होगा। सभी मानकों पर सफल रहने के बाद ही उन्हें आरटीपी की मंजूरी मिलेगी।

इसके बाद ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी उपलब्धता पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हार्दिक पांड्या के लिए यह फिटनेस टेस्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी के दौरान उन्हें पीठ में ऐंठन (बॅक स्पंस्स) की परेशानी हुई थी।

इसी कारण वह टूर्नामेंट के कुछ मैचों में हिस्सा नहीं ले सके थे। उनका आखिरी वनडे मुकाबला आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था।

रोहित शर्मा को भी सीओई में रिपोर्ट करने का निर्देश
सिर्फ हार्दिक ही नहीं, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी बीसीसीआई ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के लिए कहा है। रोहित IPL 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान थे। इसी वजह से अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में उनके नाम के आगे भी फिटनेस संबंधी शर्त रखी गई है।

हालांकि मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने हाल ही में दावा किया था कि रोहित पूरी तरह फिट हैं। जयवर्धने के अनुसार रोहित को चोट से उबरने के लिए पर्याप्त आराम दिया गया था और मेडिकल टीम ने उन्हें 100 प्रतिशत फिट माना है।

उन्होंने यह भी साफ किया कि IPL में रोहित का इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल टीम की रणनीति का हिस्सा था और इसका उनकी फिटनेस से कोई लेना-देना नहीं था। जयवर्धने ने कहा कि मुंबई इंडियंस अपनी जरूरतों के अनुसार फैसले लेती है और रोहित हमेशा टीम की अपेक्षाओं के मुताबिक खुद को ढालते हैं।

भारत और अफगानिस्तान की वनडे सीरीज कब से शुरू होगी?
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में शुरू होगी। दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। 

अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया 
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।

अब सभी की नजर हार्दिक पंड्या और रोहित शर्मा की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी रहेगी। अगर दोनों खिलाड़ियों को समय रहते क्लियरेंस मिल जाती है, तो अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टीम और अधिक मजबूत दिखाई देगी।