सूरत : जैन साधु-साध्वियों की मौत के विरोध में निकली विशाल मौन रैली

5 हजार से अधिक समाजजन हुए शामिल, दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट से कड़ी सजा देने और साधु-संतों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की मांग

सूरत : जैन साधु-साध्वियों की मौत के विरोध में निकली विशाल मौन रैली

सूरत । मध्यप्रदेश के रीवा में दिगंबर जैन समाज की दो साध्वियों  आचार्य विद्यासागर जी महाराज की शिष्या श्रुतमती माताजी और उपशम माताजी  की कथित सुनियोजित सड़क दुर्घटना में मृत्यु तथा राजकोट जिले के चोटिला में पन्यास श्री ओंकारशेखर विजय जी महाराज के सड़क हादसे में देवलोकगमन के विरोध में शुक्रवार सुबह सूरत में विशाल मौन रैली निकाली गई।

इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए देशभर में जैन समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 29 मई 2026 को सुबह 9 बजे सूरत महानगर के सकल जैन समाज दिगंबर, श्वेतांबर, स्थानकवासी और तेरापंथी समुदाय  द्वारा संयुक्त रूप से मौन रैली का आयोजन किया गया।

मौन रैली पार्ले पॉइंट स्थित सरगम शॉपिंग सेंटर से प्रारंभ होकर शांतिपूर्वक कलेक्टर कार्यालय पहुंची। रैली में पुरुष सफेद पैंट-शर्ट तथा महिलाएं नारंगी साड़ी पहनकर शामिल हुईं। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों ने अनुशासन और शांति बनाए रखी।

रैली में शामिल प्रतिनिधिमंडल ने माननीय कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि मामले के मुख्य आरोपियों और अपराध में सहयोग करने वाले सभी लोगों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कठोरतम सजा दी जाए।

साथ ही भारत सरकार से यह भी मांग की गई कि देशभर में पदविहार करने वाले साधु-संतों और साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कानून बनाया जाए, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित में अपना योगदान दे सकें।

मौन रैली में 5 हजार से अधिक समाजजनों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे शहर में जैन समाज की एकजुटता और आक्रोश देखने को मिला।

Tags: Surat