मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक; भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है: राष्ट्रपति ट्रम्प
नयी दिल्ली, 25 मई (वेब वार्ता)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना महान मित्र बताते हुए कहा कि भारत उन पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है।
ट्रम्प ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह बात फोन कॉल पर कही। यह फोन भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रम्प को लगाया था।
ट्रम्प ने फोन पर कहा, “हम भारत के इतने करीब पहले कभी नहीं रहे और भारत मुझ पर तथा हमारे देश पर 100 फीसदी ऐतबार कर सकता है। अगर उन्हें कभी भी मदद की ज़रूरत होगी, तो वे जानते हैं कि कहां फोन करना है। वे सीधे यहीं फोन कर सकते हैं।”
यहाँ भारत मंडपम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और गोर शामिल हुए। श्री गोर ने यह फोन का स्पीकर माइक पर ही लगा दिया जिससे कि हॉल में मौजूद सभी लोग ट्रम्प की आवाज सुन सकें।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, “मैं बस सभी को नमस्कार कहना चाहता हूं। मैं प्रधानमंत्री से प्यार करता हूं, (नरेंद्र) मोदी महान हैं, वह मेरे मित्र हैं और मैं सभी को एक बहुत अच्छी शाम की शुभकामनाएं देना चाहता हूं।”
ट्रम्प ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हुए यह भी दावा किया कि उनके देश की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार इस समय रिकॉर्ड स्तर पर हैं। इस कार्यक्रम में ट्रम्प ने रुबियो को “अमेरिकी इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री” बताया और कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को मेरा नमस्कार कहें और उन्हें बताएं कि मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ।”
इससे पहले कार्यक्रम में अपने संक्षिप्त संबोधन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमेरिका का एक अत्यंत महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा ने उन विचारों को जन्म दिया जिन्होंने आधुनिक दुनिया को आकार दिया है, जैसे कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता, कानून का शासन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेह शासन।
उन्होंने कहा कि भारत के बहुलवादी समाज और परामर्श की संस्कृति के समृद्ध इतिहास को देखते हुए इन विचारों की गूंज भारत में स्वाभाविक है।
इस शाम का मुख्य आकर्षण संगीतकार ए. आर. रहमान की शानदार प्रस्तुति रही।
