ईरान युद्ध शक्तियों पर ट्रंप को झटका: रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट्स का साथ देकर सीमित की राष्ट्रपति की सैन्य ताकत
वॉशिंगटन, 20 मई (वेब वार्ता)। अमेरिकी सीनेट में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण मतदान के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका लगा। डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव, जो ईरान के खिलाफ राष्ट्रपति की युद्ध शक्तियों को सीमित करता है, को सीनेट में मंजूरी मिल गई।
इस वोटिंग में चार रिपब्लिकन सांसदों ने अपनी पार्टी की लाइन से हटकर डेमोक्रेट्स का समर्थन किया, जिससे यह प्रस्ताव 50-47 के अंतर से पास हो गया। इस निर्णय के बाद राष्ट्रपति को अब ईरान में किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए कांग्रेस से स्पष्ट अनुमति लेनी अनिवार्य होगी।
डेमोक्रेटिक सीनेटर एडम शिफ और बर्नी सैंडर्स ने इस घटनाक्रम का स्वागत करते हुए इसे ‘गैर- संवैधानिक युद्ध’ को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
सीनेटर सैंडर्स ने कहा कि अमेरिकी जनता अब अंतहीन युद्धों पर अरबों डॉलर खर्च करने के पक्ष में नहीं है, बल्कि देश की आंतरिक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देना चाहती है।
रिपब्लिकन साथियों का समर्थन मिलने पर विपक्ष ने इसे एक बड़ी राजनीतिक जीत करार दिया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब खाड़ी देशों की मध्यस्थता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की संभावनाएं बनी हुई हैं।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप पर खाड़ी देशों—कतर, सऊदी अरब और यूएई—द्वारा ईरान पर तय हमले को टालने का भारी कूटनीतिक दबाव था।
ट्रंप ने इन देशों के नेताओं से हुई बातचीत के बाद हमले को रोकने का ऐलान किया था, हालांकि उन्होंने भविष्य में ‘बड़े पैमाने पर हमले’ के लिए तैयार रहने की बात भी दोहराई है।
सीनेट द्वारा युद्ध शक्तियों पर यह अंकुश लगाने का फैसला राष्ट्रपति की स्वतंत्र सैन्य निर्णय लेने की क्षमता पर एक बड़ा विधाई प्रतिबंध है, जो अमेरिका की भविष्य की मध्य-पूर्व नीति को नई दिशा दे सकता है।
