सूरत : शहर के टेक्सटाईल मार्केटों में अग्निकांड रोकने के लिए फोस्टा की पहल, टोरेंट पावर अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक

अधिक विद्युत लोड को बताया आगजनी की बड़ी वजह, बाजारों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

सूरत : शहर के टेक्सटाईल मार्केटों में अग्निकांड रोकने के लिए फोस्टा की पहल, टोरेंट पावर अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक

सूरत।  फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एन्ड टेक्सटाईल एसोसिएशन  (फोस्टा) ने शहर के विभिन्न कपड़ा बाजारों में हाल के समय में हुई आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विद्युत सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।

इसी क्रम में फोस्टा द्वारा टोरंट पावर  के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें तकनीकी और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान यह बात प्रमुख रूप से सामने आई कि कई दुकानों में स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत लोड का उपयोग किया जा रहा है। इससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। अधिकारियों ने व्यापारियों को समय-समय पर विद्युत लोड की जांच कराने और आवश्यकतानुसार लोड बढ़वाने की सलाह दी।

इसी विषय को ध्यान में रखते हुए फोस्टा ने टोरंट पावर के लाइसेंसधारी इलेक्ट्रिशियनों के साथ भी एक विशेष बैठक आयोजित की। इस बैठक में बाजारों में विद्युत सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।

व्यापारियों को जागरूक करने और सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से फोस्टा ने अपने कार्यालय का भी विद्युत लोड चेक कराया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्यालय का लोड तत्काल बढ़वाया गया, जिसकी प्रक्रिया अब सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।

फोस्टा ने घोषणा की है कि आने वाले समय में शहर के सभी प्रमुख बाजारों में विद्युत सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके और व्यापारिक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो।