योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संवारने का माध्यम: अनिल कपूर

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संवारने का माध्यम: अनिल कपूर

मुंबई, 18 मई (वेब वार्ता)। भारत सरकार का आयुष मंत्रालय सोशल मीडिया और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों को योग के फायदे बता रहा है।

इतना ही नहीं, योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी कर रहा है। इसी अभियान के तहत आयुष मंत्रालय ने बॉलीवुड अभिनेता
अनिल कपूर का एक पुराना वीडियो साझा किया है, जिसमें अभिनेता योग और फिटनेस को लेकर अपने विचार रखते नजर आ रहे हैं।

आयुष मंत्रालय ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि अनिल कपूर योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संवारने और इंसान की क्षमताओं को निखारने वाला माध्यम मानते हैं।

वीडियो में अनिल कपूर बताते हैं कि वे हर दिन योग करते हैं और यही उनकी फिटनेस और ऊर्जा का सबसे बड़ा रहस्य है। अभिनेता के अनुसार, योग ने उनके जीवन को बेहतर और समृद्ध बनाया है तथा इसकी मदद से इंसान अपनी पूरी क्षमता के साथ जीवन जी सकता है।

अनिल कपूर ने लोगों को सलाह देते हुए यह भी कहा कि योग हमेशा सही मार्गदर्शन और विशेषज्ञों की सलाह के साथ करना चाहिए। उनका मानना है कि सही तरीके से किया गया योग शरीर और मन दोनों के लिए बेहद फायदेमंद होता है।

70 वर्ष की उम्र पार करने के बावजूद अनिल कपूर की  फिटनेस और ऊर्जा अक्सर लोगों को हैरान कर देती है और सोशल मीडिया पर भी उनकी फिटनेस चर्चा का विषय बनी रहती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, योग किसी भी उम्र में शुरू किया जा सकता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, तनाव कम होता है और मानसिक शांति मिलती है। इसके अलावा योग बेहतर नींद, संतुलित जीवनशैली और पूरे दिन ऊर्जा बनाए रखने में भी मददगार माना जाता है।

यही वजह है कि आज दुनियाभर में योग तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। आयुष मंत्रालय पहले भी अमिताभ बच्चन समेत कई फिल्मी सितारों, योग गुरुओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के माध्यम से योग को बढ़ावा देता रहा है।

मंत्रालय का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। हर साल 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं।