सूरत : भगवान महावीर यूनिवर्सिटी में करियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित, विशेषज्ञों ने छात्रों को दिए भविष्य निर्माण के मंत्र
AI, डेटा साइंस और नई तकनीकों पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन, छात्रों को स्किल आधारित शिक्षा अपनाने की सलाह
सूरत। भगवान महावीर यूनिवर्सिटी द्वारा सरदार स्मृति भवन में आयोजित “करियर गाइडेंस सेमिनार” में विद्यार्थियों और अभिभावकों को भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद मोटिवेशनल स्पीकर अशोक गुर्जर ने विद्यार्थियों को सही करियर चयन, आत्मविश्वास, मेहनत और समय के महत्व पर प्रेरक संबोधन दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को नई तकनीकों और व्यावहारिक कौशल के साथ स्वयं को लगातार अपडेट रखना होगा।
कार्यक्रम के दौरान HCLTech और GUVI के AI कंसल्टेंट अशेष शाह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी और भविष्य के टेक्नोलॉजी आधारित करियर विकल्पों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में तकनीकी कौशल आधारित नौकरियों की मांग तेजी से बढ़ने वाली है।
सेमिनार में यूनिवर्सिटी की विभिन्न फैकल्टी, इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड एजुकेशन, AI इनेबल्ड एजुकेशन, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट कार्यक्रमों तथा भविष्य उन्मुख कोर्सेस की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
