सूरत : वीरा दृष्टि का स्वावलंबन समर कैंप सफल, 150 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण
मेहंदी, नेल आर्ट और ब्यूटी पार्लर कोर्स से प्रतिभागियों को मिला रोजगार का अवसर
सूरत में महावीर इंटरनेशनल की शाखा वीरा दृष्टि द्वारा स्वावलंबन प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित एक माह का समर कैंप प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 1 अप्रैल से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण शिविर सेठ श्री पी.एच. बचकानीवाला विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. रीताबेन फूलवाला का विशेष सहयोग रहा।
इस शिविर में लगभग 150 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेकर मेहंदी, नेल आर्ट और ब्यूटी पार्लर से संबंधित व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण लिया और कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के दौरान कई प्रतिभागियों ने न केवल नई कौशल सीखी, बल्कि कुछ ने प्रशिक्षण के तुरंत बाद अपना छोटा व्यवसाय भी शुरू कर दिया है। उन्हें ऑर्डर मिलने लगे हैं, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस शुरुआत हुई है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षिकाओं सानिया, ईशा और मनीषा ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था, जिसमें आयोजकों को उल्लेखनीय सफलता मिली।
प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। वीरा दृष्टि, सूरत ने आश्वासन दिया कि संस्था आगे भी इसी प्रकार के प्रयास जारी रखेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
कार्यक्रम की सफलता पर वीरा दृष्टि की ओर से सेठ श्री पी.एच. बचकानीवाला विद्या मंदिर स्कूल, डॉ. रीताबेन फूलवाला, विद्यालय की शिक्षिकाओं और प्रशिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जोन चेयरपर्सन निशा सेठिया, चेयरपर्सन संगीता राठी, सचिव स्मृति जैन और कोषाध्यक्ष आरती सोनावत ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह और सीखने की लगन के लिए धन्यवाद दिया।
