जीएसटी संग्रह अप्रैल में 2,42,702 करोड़ पर पहुंचा
By Bhatu Patil
On
नई दिल्ली, 01 मई (वेब वार्ता)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत सकल राजस्व संग्रह अप्रैल 2026 में 8.7 प्रतिशत बढ़कर 2,42,702 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
वित्त मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अप्रैल में घरेलू जीएसटी संग्रह 1,85,122 करोड़ रुपये और आयातित वस्तुओं पर जीएसटी राजस्व 57,580 करोड़ रुपये रहा। इनमें क्रमशः 4.3 प्रतिशत और 25.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वित्त वर्ष के पहले महीने में जीएसटी के मद में सरकार ने 31,793 करोड़ रुपये का रिफंड भी दिया है जो सालाना आधार पर 19.3 प्रतिशत अधिक है।
इस प्रकार रिफंड घटाने के बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह 7.3 प्रतिशत बढ़कर 2,10,909 करोड़ रुपये पर रहा।
इसमें घरेलू संग्रह 0.3 फीसदी की मामूली वृद्धि के साथ 1,65,126 करोड़ रुपये और आयातित वस्तुओं पर 42.9 प्रतिशत बढ़कर 45,784 करोड़ रुपये हो गई।
