सूरत एयरपोर्ट पर चार्टर्ड विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग
बाएँ इंजन में तकनीकी खराबी के चलते घोषित की गई इमरजेंसी, सभी यात्री सुरक्षित
सूरत। मुंबई से सूरत आ रहे एक चार्टर्ड विमान को बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी, जिसके बाद विमान की सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान संख्या VT-RJA ने सुबह 10:52 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान बाएँ इंजन में आई तकनीकी खराबी के चलते पायलट ने लगभग 11:22 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपात स्थिति की सूचना दी।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सहित सभी आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय हो गईं। तत्पश्चात विमान ने करीब 11:32 बजे सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ है। विमान में दो कैप्टन सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी एजेंसियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
