सूरत : ट्रायल से पहले ही ट्राफिक में फंसी डबल डेकर बस, खराब प्लानिंग से ट्रैफिक जाम

घोषित रूट की जगह बदले गए मार्ग पर ट्रायल, कम ऊंचाई और पेड़ों की वजह से बीच रास्ते अटकी बस; लोगों में नगर निगम के खिलाफ नाराज़गी

सूरत : ट्रायल से पहले ही ट्राफिक में फंसी डबल डेकर बस, खराब प्लानिंग से ट्रैफिक जाम

सूरत। नगर निगम की खराब प्लानिंग का खामियाजा उस समय सामने आ गया, जब ट्रायल रन से पहले ही डबल डेकर बस ट्रैफिक में फंस गई। नगर निगम चुनाव से पहले शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य लोगों को आकर्षित करना था, लेकिन अव्यवस्थित योजना के कारण यह पहल सवालों के घेरे में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, सूरत नगर निगम ने डुमस सी-फेस प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने के लिए अठवागेट से डुमस तक डबल डेकर बस चलाने की घोषणा की थी।

इसके लिए बसों का ऑर्डर देकर ट्रायल रन शुरू किया गया, लेकिन तय रूट के बजाय दिल्ली गेट से कामरेज और कोसाड की ओर ट्रायल शुरू कर दिया गया।

ट्रायल के दौरान चंद्रशेखर आजाद ब्रिज से गोटाला वाडी जाने वाले चौराहे पर बस कम ऊंचाई के कारण फंस गई। बस के रुकते ही सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे भीषण गर्मी में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंचे निगम अधिकारियों ने बस को निकालने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में पेड़ की टहनियां भी बाधा बन गईं।

आखिरकार गार्डन विभाग की टीम को बुलाकर पेड़ की टहनियां काटी गईं, जिसके बाद बस को बाहर निकाला जा सका। इस घटना ने नगर निगम की तैयारियों और रूट प्लानिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने इस अव्यवस्था को लेकर नाराज़गी जताई और कहा कि बिना उचित सर्वे और तैयारी के ऐसे प्रोजेक्ट शुरू करना जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

Tags: Surat