हम मिलेनियल्स हैं, जेन जी की तरह बात मत करो, ‘सिचुएशनशिप’ विवाद पर रकुल प्रीत ने लगाई पति जैकी भगनानी को फटकार
मुंबई, 26 अप्रैल (वेब वार्ता)। सोशल मीडिया के दौर में कई बार किसी इंटरव्यू की एक छोटी-सी बात भी इतनी तेजी से फैल जाती है कि उसका असली मतलब कहीं पीछे छूट जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ निर्माता और अभिनेता जैकी भगनानी और अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह के साथ।
हाल ही में जैकी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। उन्होंने अपने रिश्ते को ‘सिचुएशनशिप’ कह दिया, जिसके बाद लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
मामला बढ़ता देख अब रकुल और जैकी दोनों ने इस पूरे विवाद पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, हाल ही में एक बातचीत के दौरान जैकी भगनानी ने कहा था, ‘रकुल और मैं शादीशुदा जरूर हैं, लेकिन हमारा रिश्ता एक तरह का सिचुएशनशिप है।
भगवान ने हमें एक-दूसरे के लिए बनाया है, इसलिए शादी हुई है। मैं रकुल से हर बात खुलकर कह सकता हूं। अगर रकुल के सामने मेरी कोई एक्स गर्लफ्रेंड फोन करती है, तो मैं फोन स्पीकर पर डाल देता हूं।
अपने शादीशुदा रिश्ते को ‘सिचुएशनशिप’ का नाम देने पर जैकी लोगों के निशाने पर आ गए। अब इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रकुल प्रीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर मजेदार वीडियो शेयर किया।
वीडियो में रकुल, जैकी को डांटती दिखाई दे रही हैं। वह कहती हैं, ”मैंने तुमसे कितनी बार कहा है कि हम मिलेनियल्स हैं, जेन जी की तरह अजीब शब्दों का इस्तेमाल मत करो।”
इस दौरान रकुल के चेहरे के हावभाव और बोलने का तरीका इतना मजेदार था कि यह वीडियो देखते ही देखते लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो में जैकी भगनानी भी अपनी सफाई देते नजर आए। वह कान पकड़कर रकुल से माफी मांगते हुए कहते है, ”मेरा मतलब वैसा बिल्कुल नहीं था, जैसा लोगों ने समझ लिया।”
इस पर रकुल कहती है, ”मैं जानती हूं कि तुम्हारा इरादा गलत नहीं था, लेकिन अब दुनिया को भी पता होना चाहिए। कोई बात नहीं, जब लोग यह देखेंगे, तो अपने आप रुक जाएंगे।”
‘सिचुएशनशिप’ दो शब्दों ‘सिचुएशन’ और ‘रिलेशनशिप’ से मिलकर बना है। इसका मतलब यह है कि एक ऐसा रिश्ता, जो पूरी तरह सिचुएशन पर निर्भर करता है।
यानी इस रिश्ते में रहने वाले कपल्स के ऊपर किसी तरह का कोई प्रेशर नहीं होता रिलेशनशिप को चलाने और कमिटमेंट का। ऐसे कपल्स भविष्य को लेकर कोई प्लानिंग नहीं बनाना चाहते।
