सूरत : अलथान में नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद बवाल, आरोपी गिरफ्तार

आरोपी को घटनास्थल पर ले जाते वक्त भीड़ हुई बेकाबू,  हालात काबू करने के लिए पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

सूरत : अलथान में नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद बवाल, आरोपी गिरफ्तार

सूरत। सूरत के अलथान इलाके में शुक्रवार रात 8 बजे नाबालिक छात्रा से कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जबकि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, ट्यूशन से घर लौट रही बच्ची के साथ एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ की। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंपने से पहले उसकी पिटाई कर दी। आरोपी की पहचान शेख मोहम्मद अजीज इम्तियाज के रूप में हुई है, जिसे बाद में हिरासत में लेकर  मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी फैलते ही वराछा, कतारगाम, कापोद्रा और सरथाना सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अलथान पुलिस स्टेशन पहुंच गए। थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और देखते ही देखते भीड़ हजारों की संख्या में इकट्ठा हो गई।

अगले दिन शनिवार दोपहर जब पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची, तो माहौल फिर गरमा गया। कुछ लोगों द्वारा नारेबाजी के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विरोध कर रही भीड़ का गुस्सा बढ़ गया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी के खिलाफ नारे लगाए।

हालात उस समय बिगड़ गए जब भीड़ ने पुलिस पर चप्पलें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और एक पुलिस वैन पर लात मारने की घटना भी सामने आई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर आरोपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गए। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में पुलिस छावनी जैसा माहौल बन गया है।

घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Tags: Surat