गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर

गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर

बेंगलुरु, 25 अप्रैल (वेब वार्ता)। विराट कोहली (81) और देवदत्त पड़िक्कल (55) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को सात गेंद शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को तीसरे ओवर में मोहम्मद सिराज ने जेकब बेथेल (14) रन को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पड़िक्कल की जोड़ी ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे।

दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिये 115 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में राशिद खान ने देवदत्त पड़िक्कल को आउट कर इस साझेदारी क अंत किया। पड़िक्कल ने 27 गेंदों में दो चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 55 रन बनाये। अगले ही ओवर में जेसन होल्डर ने शतक की ओर बढ़ रहे विराट कोहली को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।

विराट कोहली ने 44 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 81 रनों की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों ने टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था। ऐसे समय में कप्तान रजत पाटीदार (आठ) और जितेश शर्मा (10) के विकेट गिरने के बाद आरसीबी पर संकट मंडराने लगा।

इसके बाद क्रुणाल पंड्या और टिम डेविड की जोड़ी ने संभलकर खेलते हुए आरसीबी की जीत सुनिश्चित की। आरसीबी ने 18.5 ओवरों में पांच विकेट पर 206 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया।

क्रुणाल पंड्या ने 12 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 23 रनों की पारी खेली। वहीं टिम डेविड ने नौ गेंदों में नाबाद 10 रन बनाये। गुजरात टाइटंस के लिए राशिद खान ने दो विकेट लिये। मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां साई सुदर्शन (100 ) की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़कर अपनी टीम अच्छी शुरुआत दिलाई। 13वें ओवर में सुयश शर्मा ने शुभमन गिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

शुभमन गिल ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। 16वें ओवर में जॉश हेजलवुड ने शतक बना चुके साई सुदर्शन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया।

साई सुदर्शन ने 58 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 100 रनों की पारी खेली। 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जॉस बटलर को आउट कर आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई। जॉस बटलर ने 16 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 25 रन बनाये। जेसन होल्डर ने पारी के आखिरी ओवर में दो छक्के एक चौका और एक रन बनाकर गुजरात का स्कोर 200 रनों के पार पहुंचाया।

गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जेसन होल्डर ने 10 गेंदों में एक चौका और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 23 रनों की पारी खेली।

वॉशिंगटन सुंदर ने 12 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। आरसीबी के लिए सुयश शर्मा, जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।