18 साल पहले कोहली को विश्व विजेता बनाने वाला खिलाड़ी…IPL में नहीं मिला मौका तो बना IT ऑफिसर, अब किया डेब्यू

18 साल पहले कोहली को विश्व विजेता बनाने वाला खिलाड़ी…IPL में नहीं मिला मौका तो बना IT ऑफिसर, अब किया डेब्यू

मुंबई, 25 अप्रैल (वेब वार्ता)। 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप में विराट कोहली के साथ खेलने वाले अजितेश अर्गल अब IPL 2026 में अंपायर बन गए हैं। एक खिलाड़ी से अंपायर तक के उनके इस सफर की कहानी हर किसी को प्रेरित कर रही है।

आईपीएल में हर साल कई अनजान खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरते हैं और उनकी संघर्षभरी कहानियां फैंस को प्रेरित करती हैं। कोई सचिन तेंदुलकर को देखकर आगे बढ़ता है, तो कोई एमएस धोनी जैसा फिनिशर बनने का सपना देखता है। वहीं कई युवा विराट कोहली की तरह चेज मास्टर बनने की चाह रखते हैं।

लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में एक अलग ही कहानी सामने आई—इस बार चर्चा किसी खिलाड़ी की नहीं, बल्कि एक अंपायर की है। खास बात यह है कि यह अंपायर कभी कोहली के साथ वर्ल्ड कप जीत चुका है और अब उसी के सामने फैसले ले सकता है।

यह कहानी है अजितेश अर्गल की, जिन्होंने इस सीजन में बतौर अंपायर डेब्यू किया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में चमके थे अजितेश
अजितेश अर्गल तेज गेंदबाज थे और 2008 के अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। उस टीम में रवींद्र जडेजा और मनीष पांडे भी शामिल थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ लो- स्कोरिंग फाइनल में अजितेश ने 5 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर नहीं मिला मौका
2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ, तब कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से जुड़े, जडेजा राजस्थान रॉयल्स में गए, जबकि अजितेश को पंजाब किंग्स ने खरीदा। हालांकि, उन्हें कभी खेलने का मौका नहीं मिला।

इसके बाद वह घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा की टीम से जुड़े, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली। उन्होंने करीब 10 फर्स्ट क्लास मैचों में 24 विकेट लिए और सीमित अवसरों में ही खेल पाए। धीरे-धीरे वह क्रिकेट से दूर होते चले गए।

2023 बना टर्निंग पॉइंट
क्रिकेट में ज्यादा मौके न मिलने के बाद अजितेश ने स्पोर्ट्स कोटे से इनकम टैक्स विभाग में नौकरी शुरू कर दी। लेकिन 2023 में उन्होंने फिर से मैदान पर वापसी का फैसला किया और BCCI की अंपायरिंग परीक्षा पास कर ली।

इसके बाद उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, WPL और इंडिया ए मैचों में अंपायरिंग कर अपनी पहचान बनाई।

अब कोहली के सामने ले सकते हैं फैसले
अजितेश अर्गल ने IPL 2026 में अंपायर के रूप में डेब्यू कर लिया है। 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच में उन्होंने पहली बार मैदान पर अंपायरिंग की।

अब अगर भविष्य में उन्हें RCB के मैच में अंपायरिंग का मौका मिलता है, तो वह उसी विराट कोहली के सामने फैसले लेते नजर आ सकते हैं, जिनके साथ कभी उन्होंने वर्ल्ड कप जीता था।

यह कहानी एक खिलाड़ी से अंपायर बनने तक के अनोखे सफर को दर्शाती है जो संघर्ष, धैर्य और वापसी की एक मजबूत मिसाल है।