सूरत : अर्थ डे पर वराछा में जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

ब्रह्माकुमारी केंद्र में आयोजित आयोजन में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने दिया संदेश—पानी बचाएं, प्लास्टिक से दूरी बनाएं

सूरत : अर्थ डे पर वराछा में जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

सूरत के वराछा स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र द्वारा अर्थ डे के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी तृप्ति बहन ने उपस्थित सभी लोगों को धरती की सुरक्षा के लिए संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों से धरती को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी तृप्तिबेन, पूर्व मेयर अस्मिताबेन शिरोया, सूरत डिस्ट्रिक्ट होमगार्ड कमांडेंट डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, डॉ. विनोदभाई पटेल तथा टेक्सटाइल उद्योगपति किशोरभाई सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूर्व मेयर अस्मिताबेन शिरोया ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को बंद करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाएं।

वहीं, सूरत डिस्ट्रिक्ट होमगार्ड कमांडेंट डॉ. प्रफुलभाई शिरोया ने कहा कि धरती हमारी मां के समान है और उसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने केमिकल के उपयोग को कम करने और इलेक्ट्रिक संसाधनों व वाहनों को अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर “प्रेममयी संसार बने, प्रकृति का वंदन करें…” गीत गाया और सकारात्मक ऊर्जा के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Tags: Surat