सूरत : केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 3, ओएनजीसी सूरत में प्रवेशोत्सव धूमधाम से आयोजित
नवप्रवेशी विद्यार्थियों व अभिभावकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम, नई शिक्षा नीति व एफएलएन पर दी गई जानकारी
केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 3, ओएनजीसी में कक्षा 1 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए प्रवेशोत्सव के अवसर पर विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक अनुभाग के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को आनंदमय बना दिया। इसके पश्चात प्राथमिक अनुभाग की प्रभारी श्रीमती दक्षा गुप्ता ने अभिभावकों को विद्यालय के नियमों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 के दृष्टिकोण, फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (FLN) गतिविधियों तथा ‘विद्या प्रवेश’ मॉड्यूल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर एक आकर्षक पीपीटी के माध्यम से FLN और क्रिएटिव लर्निंग एक्टिविटीज (CLA) के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसे अभिभावकों ने सराहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रचनात्मक सेल्फी बूथ रहा, जहां अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। साथ ही विद्यार्थियों को ‘विद्या प्रवेश’ गतिविधि पुस्तिका, विद्यालय डायरी और उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में पीजीटी (बायोलॉजी) एवं प्रवेश प्रभारी श्रीमती अंजना बुंदेला ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और अभिभावकों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
