सूरत : चुनावी माहौल में सूरत की सड़कों पर दौड़ी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस
स्टेशन से कामरेज तक ट्रायल रन, लोगों में उत्साह; चुनाव से पहले ‘स्मार्ट सिटी’ की झलक दिखाने की कोशिश
सूरत। नगर निगम चुनावों की सरगर्मी के बीच सूरत की सड़कों पर पहली बार डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल रन देखने को मिला। स्टेशन से कामरेज तक किए गए इस ट्रायल ने शहरवासियों का ध्यान खींच लिया और कई जगहों पर लोग बस को देखने के लिए रुकते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, गुजरात स्टेट रोड ट्रान्सपोर्ट कोर्पोरेशन (जीएसआरटीसी) द्वारा इस डबल डेकर बस का ट्रायल किया गया। बस को स्टेशन से कोसाड होते हुए कामरेज रूट पर चलाया गया, जहां इंजीनियरों की टीम ने ब्रिज की ऊंचाई, ट्रैफिक और सड़क के मोड़ों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में फाइनल रूट तय किया जाएगा।
नगर निगम की योजना के तहत आने वाले महीनों में सूरत को दो स्थायी डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बसें मिलने की संभावना है। इन बसों को खास तौर पर शहर के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों, जैसे डुमस बीच, के लिए उपयोग में लाया जाएगा, ताकि यात्री ऊपरी डेक से शहर का नज़ारा ले सकें।
बताया जा रहा है कि इन बसों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इन्हें स्वीच मोबिलीटी से उसी दर पर खरीदा जाएगा, जिस पर जीएसआरटीसी ने ऑर्डर दिया था। इस डील में 10 साल का मेंटेनेंस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल रहेगा।
ट्रायल के दौरान बस को देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने बस के साथ सेल्फी ली और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। खासकर युवाओं और बच्चों में इस नई सवारी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
गौरतलब है कि सूरत में पहले से करीब 450 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं और केंद्र सरकार की ई-ड्राइव योजना के तहत 600 और बसें जोड़ने की तैयारी है। ऐसे में डबल डेकर बसों का शामिल होना शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को नई पहचान दे सकता है।
