राजकोट : दवा के बिल पर दिखेगा लोकतंत्र का संदेश, वोटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की नई पहल
राजकोट जिला प्रशासन की अनोखी मुहिम—मेडिकल स्टोर और पब्लिक सर्विस सेंटर के बिल पर ‘मेरा वोट मेरा अधिकार है’ का स्टैम्प, 26 अप्रैल को मतदान की अपील
लोकल सेल्फ गवर्नमेंट इलेक्शन–2026 को लेकर राजकोट जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है। अब मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने वाले ग्राहकों को मिलने वाले बिल पर न केवल दवाओं की जानकारी होगी, बल्कि वोटिंग की तारीख और मतदान के महत्व का संदेश भी अंकित होगा।
इस पहल के तहत बिल पर एक विशेष स्टैम्प लगाया जा रहा है, जिस पर लिखा है—‘मेरा वोट मेरा अधिकार है – चलो वोट करें’। जैसे ही ग्राहक दवा का बिल देखते हैं, उन्हें 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव में मतदान करने की याद भी दिलाई जाती है।
जिला प्रशासन की ‘स्वैप’ (SWAP) एक्टिविटी के अंतर्गत यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें तालुका और जिला पंचायत, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन तथा गोंडल म्युनिसिपैलिटी के जनरल और बाय-इलेक्शन की तारीख को भी बिल पर दर्शाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान के प्रति जागरूक हो सकें।
इस संबंध में ‘SWAP’ की नोडल ऑफिसर जिज्ञाशाबेन गढ़वी ने बताया कि वोटिंग अवेयरनेस बढ़ाने के लिए कई संस्थाएं प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निजी मेडिकल स्टोर्स के अलावा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के पब्लिक सर्विस सेंटर और टैक्स ब्रांच में भी बिल के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दवा खरीदने या टैक्स से जुड़े कामों के लिए आने वाले लोग जब इस तरह का संदेश देखते हैं, तो वे सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी का संकल्प भी व्यक्त कर रहे हैं।
