सूरत : न्यू सिविल अस्पताल में छोटूभाई पाटिल का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया गया

व्हीलचेयर, वॉकर और 40 बेबी किट का वितरण, मरीजों को फल भी बांटे

सूरत : न्यू सिविल अस्पताल में छोटूभाई पाटिल का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया गया

सूरत।  सूरत के न्यू सिविल अस्पताल में रेलवे पीएसी के पूर्व सदस्य और पूर्व कॉर्पोरेटर छोटूभाई पाटिल का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया गया। ‘सेवा परमो धर्म’ के सिद्धांत को अपनाते हुए उन्होंने मरीजों और जरूरतमंदों के लिए कई उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया।

इस अवसर पर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और वॉकर प्रदान किए गए। साथ ही नवजात शिशुओं के लिए 40 बेबी किट वितरित की गईं और बच्चों के वार्ड में खिलौने दिए गए। छोटूभाई पाटिल ने मरीजों को फल बांटकर उनका हालचाल भी जाना।

इसके अलावा उन्होंने डुमस गांव निवासी पूर्व एसीपी एन.वी. पटेल को दो व्हीलचेयर और एक वॉकर भेंट किए, जिनका उपयोग गांव के जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

गौरतलब है कि छोटूभाई पाटिल पिछले दो दशकों से सूरत में लगातार सेवा कार्यों से जुड़े हुए हैं। वे ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने, जरूरतमंद मरीजों को खून उपलब्ध कराने और लावारिस शवों के अंतिम संस्कार तक की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। कोविड-19 जैसे कठिन समय में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी।

नर्सिंग काउंसिल के इकबाल कड़ीवाला के अनुसार, छोटूभाई पाटिल हर परिस्थिति में जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। खासकर दुर्लभ नेगेटिव ब्लड ग्रुप की आवश्यकता होने पर वे अपनी टीम के साथ तुरंत उपलब्ध हो जाते हैं।

इस मौके पर इकबाल कड़ीवाला, धीरेन लिम्बाचिया, सचिनभाई पाटिल, सौरभ दारूवाला, श्यामभाई मिश्रा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, नर्सिंग स्टाफ, परिवारजन और मित्र उपस्थित रहे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

Tags: Surat