सूरत : सम्राट चौधरी के नेतृत्व से बिहार में नए युग की शुरुआत : अरविंद सिंह
नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाते हुए विकास और सुशासन को मिलेगी नई दिशा, भाजपा नेता का विश्वास
हिंदी भाषी महासंघ के महासचिव, भाजपा नेता एवं सिवान कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने बिहार के संभावित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के शीर्ष नेतृत्व और बिहार विधानमंडल दल द्वारा सम्राट चौधरी को नेता चुना जाना राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है।
अरविंद सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व का एक नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब बिहार को भाजपा का मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक नियुक्ति नहीं, बल्कि बिहार की जनता की उम्मीदों, विश्वास और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व है। उन्हें विश्वास है कि सम्राट चौधरी इस भरोसे पर खरे उतरते हुए राज्य को विकास, सुशासन और प्रगति के नए आयामों तक ले जाएंगे।
अरविंद सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका शासनकाल बिहार के लिए एक स्वर्णिम युग रहा है, जिसमें सुशासन, विकास और सामाजिक संतुलन की नई परिभाषा स्थापित हुई। उनके नेतृत्व में बिहार ने पिछड़ेपन से उबरकर प्रगति और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार की इस मजबूत विरासत को आगे बढ़ाते हुए बिहार को और अधिक सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रगति की एक नई कहानी लिखेगा।
