सूरत : आंबेडकर जयंती पर भाजपा का पुष्पांजलि कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल रहे मौजूद
नेताओं ने बाबा साहेब के विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
सूरत। सूरत में भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव रामजी अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सूरत शहर द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सी.आर. पाटिल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का आधुनिक भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके नेतृत्व में तैयार किया गया संविधान देश के हर नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करता है और उनकी रक्षा सुनिश्चित करता है।
इस अवसर पर पूर्णेश मोदी ने भी बाबा साहेब को नमन करते हुए कहा कि वंचितों के उत्थान और महिला सशक्तिकरण के लिए उनके विचार आज भी प्रेरणादायक हैं।
भाजपा सूरत महानगर अध्यक्ष परेश पटेल ने कहा कि देशवासी डॉ. आंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को सदैव याद रखेंगे। वहीं सूरत लोकसभा सांसद मुकेशभाई दलाल ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में भाजपा गुजरात प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, सूरत शहर संगठन के नेता, विधायक, सांसद और सूरत नगर निगम चुनाव के उम्मीदवारों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
