सूरत :  संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

गोसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचवटी हॉल में हुआ दिव्य कार्यक्रम

सूरत :  संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

सूरत शहर में गोसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को एक भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। विश्व की सबसे बड़ी गोशाला श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के संस्थापक एवं प्रधान संरक्षक श्रद्धेय गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज के सत्संकल्प से पथमेड़ा की सूरत शाखा द्वारा इस आयोजन का सफल संचालन किया गया।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध सुंदरकांड प्रवाहक अजय याग्निक के मुखारविंद से संगीतमय सुंदरकांड का वाचन हुआ, जिसका हजारों श्रद्धालु भक्तों ने श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। आयोजन शुक्रवार सायं 5 बजे से सिटीलाइट स्थित पंचवटी हॉल, महाराजा अग्रसेन पैलेस में शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक चला। 

इस दिव्य अवसर पर सुंदरकांड की चौपाइयों के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का विशेष अनुभव हुआ। पूरा वातावरण रामभक्ति से सराबोर नजर आया।

श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के सीईओ एवं प्रभारी आलोक सिंहल ने जानकारी देते हुए बताया कि सूरत के बड़ी संख्या में गोभक्तों, गोसेवकों और मानस प्रेमियों ने सपरिवार कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन गोसेवा के महत्व को जनमानस तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ।

Tags: Surat