सूरत में ‘टेक्सटाइल अवार्ड्स’ की घोषणा, 45 कैटेगरी में उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगा सम्मान
इनोवेशन, क्वालिटी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने की चैंबर की पहल
सूरत। टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई दिशा देने और इनोवेशन व सस्टेनेबल डेवलपमेंट को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मई 2026 में ‘टेक्सटाइल अवार्ड्स’ आयोजित करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत कुल 45 अलग-अलग कैटेगरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि ये अवार्ड्स टेक्सटाइल इंडस्ट्री के सभी प्रमुख सेगमेंट—फैब्रिक, यार्न, गारमेंट्स, मेड-अप्स, प्रोसेसिंग, डाइंग, ट्रेडिंग और रिटेलिंग—को कवर करेंगे, जिससे पूरे सेक्टर को प्रोत्साहन मिलेगा।
अवार्ड्स की प्रमुख श्रेणियों में प्रोडक्ट इनोवेशन और बेस्ट अल्टरनेट मटीरियल यूज़, एक्सपोर्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन, क्वालिटी मैनेजमेंट, टेक्नोलॉजी अपनाने में श्रेष्ठता, बेस्ट HR प्रैक्टिस (एम्प्लॉई वेलफेयर) और टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग जैसी कैटेगरी शामिल हैं। इन श्रेणियों के माध्यम से इंडस्ट्री में आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता सुधार और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवार्ड में बुनकर, स्पिनर, डाइंग और प्रोसेसिंग यूनिट्स, गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स, टेक्निकल टेक्सटाइल और मेड-अप्स सेक्टर के उद्यमी आवेदन कर सकेंगे। साथ ही कुछ चुनिंदा कैटेगरी में ट्रेडर्स को भी भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
चैंबर का मानना है कि यह पहल टेक्सटाइल इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने के साथ-साथ क्वालिटी, इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी के स्तर को ऊंचा उठाने में अहम भूमिका निभाएगी। यह आयोजन उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को पहचान देने के साथ-साथ अन्य उद्योगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
