मै आज जो भी हूं, मां की वजह से हूं : करिश्मा कपूर
मुंबई, 06 अप्रैल (वेब वार्ता)। 90 के दशक की सुपरहिट एक्ट्रेस और कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वाली करिश्मा कपूर के लिए फिल्मी सफर फूलों की सेज नहीं था। शुरुआती दौर में करिश्मा को इंडस्ट्री की कई कठिन चुनौतियों और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
करिश्मा का मानना है कि इन मुश्किल हालातों में उनकी मां बबीता उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बनीं। आज अपनी शानदार कामयाबी और टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शुमार होने का पूरा श्रेय करिश्मा अपनी मां के अटूट साथ और संघर्ष को देती हैं।
करिश्मा कपूर ने खुलकर बताया कि कैसे उनकी मां बबिता ने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया और उन्हें मजबूत बनाया।
करिश्मा कपूर हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के एक खास एपिसोड में नजर आईं।
इस दौरान शो के होस्ट आदित्य नारायण ने उनकी मां बबिता का जिक्र करते हुए कहा कि करिश्मा के करियर में उनका काफी सपोर्ट रहा है। उनकी मां ही असली सुपरस्टार हैं। यह सुनकर करिश्मा इमोशनल हो गई।
भावुक होते हुए करिश्मा ने कहा, ‘मेरी मां मेरे लिए भगवान जैसी हैं। मैं जो भी हूं, मां की वजह से हूं। यूं तो परिवार के सभी लोगों ने मेरा साथ दिया, लेकिन मेरी मां ने मुझे जो आत्मविश्वास और संस्कार दिए, वही मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत बने। आज मैं जो कुछ भी हूं, उसका पूरा श्रेय मैं अपनी मां को देती हूं।’ करिश्मा कपूर ने इस दौरान अपनी मां के फिल्मी करियर के बारे में भी बात की।
उन्होंने बताया, ‘मां ने हिंदी सिनेमा में बहुत कम समय के लिए काम किया, लेकिन उस छोटे से करियर में भी उन्होंने कई सफल फिल्में दीं। यह उनकी प्रतिभा और मेहनत का सबूत है कि कम समय में ही
उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बना ली थी।’ उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उस दौर के बड़े सितारों जैसे राजेश खन्ना, जितेंद्र, मनोज कुमार और धर्मेंद्र के साथ काम किया।
इसके अलावा, उन्होंने कपूर परिवार के मशहूर अभिनेताओं शम्मी कपूर और शशि कपूर के साथ भी स्क्रीन शेयर की, हालांकि, उस समय कपूर परिवार में एक परंपरा थी, जिसके अनुसार परिवार की महिलाएं फिल्मों में काम नहीं करती थीं।
इसी वजह से बाबिता को शादी के बाद अपने फिल्मी करियर को छोड़ना पड़ा। यह उनके लिए एक बड़ा फैसला था, लेकिन उन्होंने अपने परिवार को प्राथमिकता दी और अपने बच्चों की परवरिश पर ध्यान केंद्रित किया।
बता दें कि करिश्मा कपूर 90 के दशक की सुपरहिट एक्ट्रेस रही हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर बॉलीवुड में एक ऊंचा मुकाम हासिल किया।
