वैश्विक तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति स्थिर, घबराहट में बुकिंग न करें: इंडियन ऑयल
नई दिल्ली, 03 अप्रैल (वेब वार्ता)। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति स्थिर एवं पर्याप्त है और घरेलू उपलब्धता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
कंपनी बयान के अनुसार, वह प्रतिदिन करीब 28 लाख एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति कर रही है जो मौजूदा तनाव से पहले के सामान्य स्तर के अनुरूप है। घरों तक निर्बाध आपूर्ति जारी है।
आईओसी ने बताया कि करीब 87 प्रतिशत ‘रीफिल बुकिंग’ डिजिटल माध्यमों से की जा रही हैं, जबकि सही उपभोक्ता तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए एक बार इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड (ओटीपी) आधारित प्रणाली से वितरण की पुष्टि की जा रही है।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘ वैश्विक ऊर्जा बाजारों को प्रभावित करने वाले मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद भारत में एलपीजी की आपूर्ति स्थिर एवं पर्याप्त है और इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। घरेलू एलपीजी आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।’’
इसमें कहा गया कि प्रतिदिन लगभग 28 लाख सिलेंडर की आपूर्ति मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव शुरू होने से पहले के सामान्य वितरण स्तर के अनुरूप है।
उपभोक्ताओं को एसएमएस (संदेश) और इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (आईवीआरएस) जैसे डिजिटल माध्यमों से एलपीजी ‘रीफिल बुक’ (सिलेंडर फिर भरवाने) करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। वर्तमान में लगभग 87 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल मंचों के जरिए प्राप्त हो रही हैं। वितरण के दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए कि सिलेंडर सही उपभोक्ता को मिले, डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (डीएसी) ओटीपी के माध्यम से पुष्टि की जा रही है।
आईओसी ने कहा कि वह अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा की जा रही चिंताओं पर ध्यान दे रही है और उन्हें शीघ्र दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी बयान के अनुसार, सोशल मीडिया और उपभोक्ता शिकायतों के माध्यम से कुछ एलपीजी वितरकों द्वारा अनियमितताओं की जानकारी मिली है। काला बाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए विभिन्न विभागों के कई दल एलपीजी वितरक केंद्रों पर अचानक निरीक्षण कर रहे हैं।
आईओसी के अनुसार अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 7,500 से अधिक निरीक्षण किए गए और 141 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है जिनमें पांच को निलंबित किया गया है।
राज्य सरकारों और अन्य तेल विपणन कंपनियों के साथ मिलकर करीब 68,000 छापे भी डाले गए हैं। इस संबंध में 855 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 48,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए।
आईओसी ने उपभोक्ताओं से घबराकर बुकिंग या सिलेंडर जमा न करने की अपील करते हुए कहा कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों को केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।
कंपनी ने कहा, ‘‘ इंडियनऑयल अपने सभी इंडेन ग्राहकों को आश्वस्त करता है कि आपूर्ति पर्याप्त एवं स्थिर है तथा देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। ग्राहकों को एलपीजी वितरक केंद्रों पर कतार लगाने, घबराकर बुकिंग करने या सिलेंडर जमा करने से बचने की सलाह दी जाती है। उनसे अफवाहों पर विश्वास न करने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने का आग्रह किया जाता है।’’
कंपनी ने कहा कि वह एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता, वितरण में पारदर्शिता एवं अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
