सूरत : मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सूरत में हाई-लेवल मीटिंग, गैस सप्लाई और वर्कर्स के इंतज़ाम पर समीक्षा

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा—पर्याप्त सप्लाई उपलब्ध, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सूरत : मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सूरत में हाई-लेवल मीटिंग, गैस सप्लाई और वर्कर्स के इंतज़ाम पर समीक्षा

सूरत। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनावपूर्ण हालात के मद्देनज़र हर्ष संघवी की अध्यक्षता में साउथ गुजरात की विभिन्न इंडस्ट्रीज़ के प्रतिनिधियों के साथ एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई।

यह बैठक सूरत के ICCC सेंटर में हुई, जिसमें अंकलेश्वर, वापी, भरूच सहित दक्षिण गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में गैस सप्लाई, कारीगरों की जरूरतों और इंडस्ट्री संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य में गैस, पेट्रोल और डीज़ल सहित आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार सप्लाई सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां PNG कनेक्शन उपलब्ध हैं, वहां LPG उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द PNG कनेक्शन प्रदान किए जाएं। साथ ही, गैस पाइपलाइन के आसपास के क्षेत्रों में भी प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन देने को कहा गया।

डिस्ट्रिक्ट सप्लाई ऑफिसर दर्शन शाह ने बैठक में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार घरों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और इंडस्ट्रीज़ को दी जा रही LPG सप्लाई की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में  इंडस्ट्रीज़ और माइंस डिपार्टमेंट की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ममता वर्मा, MSME कमिश्नर श्री के.सी. संपत, डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि अफवाहों से कारीगरों में डर का माहौल न बने, इसके लिए इंडस्ट्री बॉडीज़ द्वारा कम्युनिटी किचन और वेयरहाउस के माध्यम से भोजन की व्यवस्था की जा रही है। पांडेसरा, वापी, अंकलेश्वर और दहेज जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कारीगरों के लिए भोजन और रहने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार वर्कर्स को पर्याप्त मात्रा में 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रही है। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि बिना पुष्टि के गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि ब्लैक मार्केटिंग पर नजर रखने के लिए हर जिले में विशेष टीमें गठित की गई हैं। गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सूरत और आसपास के क्षेत्रों में अब तक 118 कम्युनिटी किचन शुरू किए जा चुके हैं और सरकार तथा उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से हालात को नियंत्रित रखा जा रहा है।

Tags: Surat