वैश्विक चुनौतियों के बीच विकसित भारत के लिए 1.4 अरब देशवासियों का सामूहिक प्रयास जरूरी : मोदी
नोएडा, 28 मार्च (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नागरिकों से वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए समर्पण और एकता का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में एक सभा को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र किया और कहा, “विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 1.4 अरब देशवासियों का सामूहिक प्रयास और एकता बहुत जरूरी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी एशिया में एक महीने से युद्ध जारी है और देशवासियों के भरोसे के साथ भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। मोदी ने कहा कि भारत के हितों की रक्षा और ‘परिवारों व किसानों’ की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार की प्राथमिकता समय की बचत और लागत में कमी करके नागरिकों की सुविधा को बढ़ाना है।
मोदी ने वैश्विक संकट की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा, “मैं प्रदेश व देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रह पूर्वक कहना चाहता हूं कि इस प्रकार के संकट से ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक है।”
उन्होंने कहा, “जो भारतीयों और भारत के हक में है, वही भारत सरकार की नीति व रणनीति हैं। राजनीति के लिए गलत बयानबाजी करने वाले राजनीतिक बहस में कुछ नंबर पाएंगे लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने संसद में स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ व्यापक व ‘बेहद सकारात्मक’ विचार-विमर्श भी किया। मोदी ने कहा, “आज जनता से फिर से कहूंगा कि हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ मिलजुलकर इस संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी करने वाला संकट है और हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।”
प्रधानमंत्री ने राजनीतिक दलों को आगाह करने के साथ-साथ कहा कि कोरोना के संकट में कुछ लोगों ने वैक्सीन को लेकर झूठ बोला, अफवाहें फैलाई ताकि सरकार का काम कठिन हो, देश को नुकसान हो लेकिन परिणाम क्या हुआ।
मोदी ने कहा, “जनता ने चुनाव के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया। मुझे पूरा भरोसा है कि देश के सभी राजनीतिक दल इससे सबक सीखेंगे और देश को ताकत देंगे। इसी आग्रह के साथ एक बार फिर से शानदार हवाई अड्डे के लिए बहुत बहुत शुभकामनाएं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। मोदी ने कहा, “ भारत पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों का पूरी ताकत से सामना कर रहा है।”
उन्होंने संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से प्राप्त कच्चे तेल और गैस पर भारत की निर्भरता को रेखांकित करते हुए कहा, “सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है कि इसका बोझ परिवारों और किसानों पर न पड़े।”
मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करते हुए कहा, “आज से एक विकसित उत्तर प्रदेश और एक विकसित भारत की यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है।” उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगा।” मोदी ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने नोएडा को
“लूट का एटीएम” बना दिया था, लेकिन भाजपा के नेतृत्व में यह अब विकास के एक शक्तिशाली इंजन के रूप में उभर रहा है।
