सूरत : बार काउंसिल ऑफ गुजरात के चुनाव में सूरत के वकीलों की जीत, भव्य विजय रैली निकाली
डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से अठवा गेट चौपाटी तक जश्न, पारदर्शिता और वकीलों के हितों के लिए काम करने का संकल्प
सूरत। बार काउंसिल ऑफ गुजरात के चुनाव में सूरत के वकीलों की जीत के बाद शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सूरत डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को सूरत कोर्ट से अठवा गेट चौपाटी तक भव्य विजय रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में वकील और समर्थक शामिल हुए।
रैली के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच वकीलों में जबरदस्त जोश दिखाई दिया। महिला वकिलों ने गरबा खेलते हुए विजय रैली में शामिल हुए। सीनियर और जूनियर वकीलों ने चुनाव में विजयी उम्मीदवारों का गर्मजोशी से स्वागत किया और एक-दूसरे को बधाई दी।
एडवोकेट प्रीति जिग्नेश जोशी ने इस मौके पर कहा कि यह जीत वकीलों की एकता, विश्वास और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बार काउंसिल में पारदर्शिता बनाए रखते हुए वकीलों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि युवा और अनुभवी वकीलों के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सभी को समान अवसर और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विजय रैली में प्रिति जिग्नेश जोषी, हिरल पानवाला, हितेश पटेल, भावेश रबारी, झकी शेख सहित अन्य विजयी उम्मीदवार और उनके समर्थक भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर इस जीत का जश्न मनाया। सूरत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
