सूरत : नोटरीज़ वेलफेयर एसोसिएशन साउथ गुजरात की AGM संपन्न, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नोटरी रिन्यूअल, वेलफेयर स्कीम और स्टैम्प लाइसेंस जैसे विषयों पर बनी रणनीति, विजेता सदस्यों का हुआ सम्मान

सूरत : नोटरीज़ वेलफेयर एसोसिएशन साउथ गुजरात की AGM संपन्न, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

सूरत। साउथ गुजरात के वकीलों और नोटरी के हितों के लिए कार्यरत नोटरीज़ वेलफेयर एसोसिएशन साउथ गुजरात की वार्षिक आम बैठक (AGM) बुधवार को सूरत में उत्साहपूर्वक आयोजित की गई। ‘देव मणि फार्म’ में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया और संगठन के कार्यों व भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संगठन के वाइस-प्रेसिडेंट नोटरी हेमेंद्र बोरसालीवाला ने स्वागत भाषण देकर सभी सदस्यों का अभिनंदन किया। बैठक का संचालन कमेटी मेंबर नोटरी बलवंत पटेल ने किया।

इस दौरान ट्रेज़रर नोटरी नितिन नीतीश ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि वाइस-प्रेसिडेंट नोटरी उमेश टेलर ने वर्षभर की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट रखी।

बैठक में संगठन के प्रेसिडेंट नोटरी शांतिलाल पटेल ने नोटरी से जुड़े लंबित मुद्दों और आगामी योजनाओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने भारत सरकार के लॉ डिपार्टमेंट के साथ नोटरी रिन्यूअल प्रक्रियाओं को सरल बनाने, इंडियन पोस्टल डिपार्टमेंट द्वारा नोटरी स्टैम्प जारी करने की पहल, नोटरी को स्टैम्प वेंडर लाइसेंस देने और सदस्यों के लिए वेलफेयर स्कीम लागू करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया। साथ ही, नोटरी रजिस्ट्रेशन कार्य के दायरे को बढ़ाने पर भी विचार किया गया।

इस अवसर पर बार काउंसिल ऑफ़ गुजरात के चुनाव में शानदार जीत हासिल करने वाले संगठन के सदस्यों नोटरी प्रीति जोशी, नोटरी वंदना भट्ट और नोटरी हितेश पटेल का विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कमेटी की ऑफिस बेयरर नोटरी बीना भगत ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक भोजन किया और बैठक का समापन किया गया।

Tags: Surat