बॉक्स ऑफिस पर गरजी धुरंधर 2 , बड़े-बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त
मुंबई, 23 मार्च (वेब वार्ता)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म की कमाई का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा और अब इसने महज चार दिनों में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर नया इतिहास रच दिया है।
दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया और ईद वीकेंड का पूरा फायदा फिल्म को मिल रहा है, जिसका असर इसके शानदार कलेक्शन में साफ दिखाई दे रहा है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ओपनिंग ली थी, जबकि दूसरे दिन 80.72 करोड़ और तीसरे दिन 113 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
चौथे दिन यानी रविवार को फिल्म ने 114.85 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए कुल घरेलू कलेक्शन 454.12 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया। वहीं, वर्ल्डवाइड स्तर पर धुरंधर 2 ने चार दिनों में 691.32 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ धुरंधर 2 ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जहां पहली फिल्म धुरंधर 2 को 400 करोड़ तक पहुंचने में 12 दिन लगे थे, वहीं पुष्पा 2 ने यह आंकड़ा एक हफ्ते में, जवान ने 9 दिन में, स्त्री 2 ने 11 दिन में और छावा ने 14 दिन में पार किया था। ऐसे में धुरंधर 2का यह रिकॉर्ड अपने आप में बेहद खास माना जा रहा है।
