राजकोट : मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया का सरप्राइज दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा
जसदण में पुल निर्माण का निरीक्षण, गोंडल में आंगनवाड़ी का शिलान्यास और बाढ़ सुरक्षा दीवार की जांच
गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया ने राजकोट के जसदण, गोंडल तालुका में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का दौरा कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने राजकोट के जसदण तालुका के कानपर गांव में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे जसापर-कानपर पुल की निर्माण साइट का सरप्राइज विजिट किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने गोंडल तालुका के मोटा दड़वा गांव में बाढ़ से बचाव के लिए बन रही सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया। मंत्री ने यहां भी अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इसी क्रम में मंत्री बावलिया ने मोटा दड़वा गांव में 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आंगनवाड़ी भवन का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर सरपंच भूपतभाई वाला, मुख्य सेविका नयनाबेन मेहता सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
