सूरत : सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में एलपीजी गैस की ब्लैक मार्केटिंग पर कार्रवाई की मांग
मजदूरों से 2.5 किलो सिलेंडर के लिए 500–700 रुपये प्रति किलो वसूले जा रहे; प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सूरत । सचिन जीआईडीसी और आसपास के क्षेत्रों में कुकिंग गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी है। सचिन इंडस्ट्रियल कॉ. ऑ. हाऊसिंग सोसायटी के पदाधिकारियों ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
सोसायटी के अध्यक्ष किशोर बी. पटेल और सचिव मयूर जे. गोलवाला ने सूरत जिला कलेक्टर, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा सूरत शहर पुलिस आयुक्त को दिए ज्ञापन में बताया कि सचिन इंडस्ट्रियल एस्टेट में काम करने वाले लगभग तीन लाख मजदूर आसपास के रामेश्वर, शिवनगर, सिद्धिविनायक और लक्ष्मीविला जैसी सोसाइटियों में रहते हैं। इसके अलावा सचिन, कनकपुर, कंसाड, पालीगाम, तलंगापुर, उबर और गभेनी जैसे गांवों के लोग भी इसी क्षेत्र पर निर्भर हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच युद्ध जैसे हालात के कारण एलपीजी कुकिंग गैस की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच कुछ दुकानदार और जनरल स्टोर संचालक इसका फायदा उठाकर अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिल कर ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं।
बताया गया कि पहले 2.5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर को रिफिल करने के लिए दुकानदार 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक चार्ज करते थे, लेकिन अब कथित तौर पर 500 से 700 रुपये प्रति किलो तक वसूले जा रहे हैं। इससे गरीब मजदूरों और आसपास के गांवों के लोगों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोसायटी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को जल्द राहत नहीं मिली तो कई कामगार अपने गांव लौट सकते हैं, जिससे उद्योगों के कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका है।
इस संबंध में उन्होंने फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग से मांग की है कि ब्लैक मार्केटिंग में शामिल लोगों के खिलाफ छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस विभाग से भी जनरल स्टोर और संदिग्ध स्थानों पर जांच कर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की गई है।
