सूरत : एलपीजी गैस की पर्याप्त सप्लाई, प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की

जिला आपूर्ति ऑफिसर ने किया गैस गोदाम का निरीक्षण, जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सूरत : एलपीजी गैस की पर्याप्त सप्लाई, प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने की अपील की

सूरत : मिडिल ईस्ट में मौजूदा हालात के बीच गैस सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सूरत शहर और जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई पूरी तरह नियमित रूप से जारी है।

इस संबंध में जिला आपूर्ति ऑफिसर (डीएसओ) दर्शन शाह और एसओजी के डिप्टी पुलिस कमिश्नर राजदीपसिंह नकुम ने संयुक्त रूप से सचिन जीआईडीसी स्थित इंडियन ऑयल कोर्पोरेशन के गैस गोदाम का निरीक्षण कर एलपीजी गैस के स्टॉक की लाइव जांच की।

इसके साथ ही अलग-अलग टीमों द्वारा शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी चेकिंग अभियान चलाया गया।

डिस्ट्रिक्ट सप्लाई ऑफिसर दर्शन शाह ने बताया कि सूरत में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह पर्याप्त है। शहर और जिले के विभिन्न गोदामों में गैस का स्टॉक नियमित रूप से जांचा जा रहा है, ताकि किसी तरह की कृत्रिम कमी पैदा न हो सके। उन्होंने कहा कि गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों द्वारा सिलेंडर की सप्लाई लगातार जारी है और फिलहाल सप्लाई में किसी तरह की कमी या रुकावट नहीं है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें। घबराहट में अनावश्यक स्टॉक करने से बचने की भी सलाह दी गई है।

वहीं एसओजी के डीसीपी राजदीप सिंह नकुम ने कहा कि पुलिस और संबंधित विभाग गैस सप्लाई व्यवस्था और संभावित जमाखोरी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बिना अनुमति एलपीजी सिलेंडर का भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या तय कीमत से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और नागरिकों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

Tags: Surat