सूरत : श्री गोवर्धननाथजी की हवेली का 31वां पाटोत्सव शनिवार को
फूलों का पलना, फूल मंडली में तिलक दर्शन और भजन संध्या के साथ होंगे धार्मिक कार्यक्रम
डुमस रोड स्थित श्री गोवर्धननाथजी की हवेली का 31वां पाटोत्सव शनिवार, 14 मार्च 2026 को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर हवेली में फूलों का पलना, फूल मंडली में तिलक दर्शन तथा भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
गौरतलब है कि डुमस रोड स्थित इस हवेली की प्राणप्रतिष्ठा वर्ष 1995 में षष्ठपीठाधीश गो. श्री व्रजरत्नलालजी के करकमलों द्वारा की गई थी। 14 मार्च को प्राणप्रतिष्ठा के 31 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। पिछले तीन दशकों में यहां आयोजित होने वाले विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण हवेली की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और यह सूरत शहर तथा आसपास के क्षेत्रों के वैष्णवों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। हाल ही में 22 फरवरी को हवेली में भव्य छप्पन भोग मनोरथ का आयोजन किया गया था, जिसमें शहर के हजारों वैष्णवों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया था।
पाटोत्सव के अवसर पर शनिवार सुबह 9:30 बजे श्री ठाकोरजी को फूलों के पलना में विराजमान कर उनका विशेष श्रृंगार और लाड़-प्यार किया जाएगा। इसके बाद ठाकोरजी को फूलों की मंडली में विराजमान कर तिलक दर्शन कराए जाएंगे। शाम को हवेली के आंगन में सायं 6 से 8 बजे तक भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें शिवम ग्रुप सूरत के राजेश नायक और उनके साथी भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगे। श्री गोवर्धन ट्रस्ट ने शहर के वैष्णवों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दिनभर चलने वाले इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें।
