अमेरिका-दक्षिण कोरिया अभ्यास के बीच किम जोंग उन ने क्रूज मिसाइल परीक्षण का किया निरीक्षण

अमेरिका-दक्षिण कोरिया अभ्यास के बीच किम जोंग उन ने क्रूज मिसाइल परीक्षण का किया निरीक्षण

प्योंगयांग, 11 मार्च (वेब वार्ता)। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश के नए युद्धपोत से किए गए क्रूज मिसाइल परीक्षण का निरीक्षण किया।

यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया से 11 दिन का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘फ्रीडम शील्ड ‘ शुरू किया है। उत्तर कोरिया इस सैन्य अभ्यास का कड़ा विरोध कर रहा है।

सरकारी मीडिया के अनुसार, मिसाइलों का प्रक्षेपण नए 5,000 टन वर्ग के ‘चोए ह्योन’ विध्वंसक युद्धपोत से नाम्पो तट के पास किया गया, जहां जहाज के प्रदर्शन परीक्षण चल रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, मिसाइलें करीब 2 घंटे 50 मिनट तक तय मार्ग पर उड़ती रहीं और कोरियाई प्रायद्वीप के पश्चिमी तट के पास पीले सागर के ऊपर से गुजरते हुए अपने निर्धारित लक्ष्यों को भेद दिया।

समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, श्री किम जोंग उन ने अपनी किशोर बेटी के साथ एक गुप्त स्थान से वीडियो लिंक के जरिए इस परीक्षण को देखा।

क्रूज मिसाइलें पीले सागर के ऊपर निर्धारित उड़ान मार्ग से गुजरते हुए अपने तय लक्ष्यों पर सफलतापूर्वक पहुंचीं। एजेंसी के मुताबिक, उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने कहा कि देश की युद्ध प्रतिरोध क्षमता के विभिन्न घटकों को अब लगातार और तेज गति से एक अत्याधुनिक परिचालन प्रणाली में शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश की परमाणु ताकत अब बहुआयामी संचालन के नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।  किम ने इस परीक्षण पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे रणनीतिक हथियारों की राष्ट्रीय एकीकृत नियंत्रण प्रणाली की विश्वसनीयता साबित हुई है।

साथ ही उन्होंने युद्धपोत पर लगे नौसैनिक स्वचालित तोपों की सैन्य क्षमता की जांच करने और नौसेना की ताकत को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बताया गया है कि उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह भी इसी युद्धपोत से इसी तरह का क्रूज मिसाइल परीक्षण किया था।

Tags: America