विश्व विजेता टीम इंडिया पर हुई पैसों की बारिश, BCCI ने दिया 131 करोड़ रुपये का बंपर ईनाम

ICC की प्राइज मनी से पांच गुना ज्यादा है यह रकम

विश्व विजेता टीम इंडिया पर हुई पैसों की बारिश, BCCI ने दिया 131 करोड़ रुपये का बंपर ईनाम

मुंबई, 10 मार्च (वेब वार्ता)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खिताबी जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया के लिए खजाना खोल दिया है।

बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं के लिए कुल 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गौरतलब है कि यह राशि आईसीसी (ICC) द्वारा दी गई 27.48 करोड़ रुपये की इनामी राशि से लगभग पांच गुना अधिक है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से गदगद होकर बोर्ड ने यह बड़ा फैसला लिया है।

फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन के 89, अभिषेक शर्मा के 52 और ईशान किशन के 54 रनों की मदद से 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम महज 159 रनों पर सिमट गई।

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने घातक स्पैल डालते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारत न केवल अपना खिताब बचाने वाली पहली टीम बनी, बल्कि टी20 प्रारूप के इतिहास में तीन विश्व कप जीतने वाली एकमात्र टीम बनकर उभरी है।
इस बार आईसीसी ने कुल प्राइज पूल में 20% की बढ़ोतरी की थी, जिसके तहत विजेता भारत को ₹27.48 करोड़ और उप-विजेता न्यूजीलैंड को ₹14.65 करोड़ मिले हैं।

हालांकि, बीसीसीआई द्वारा घोषित 131 करोड़ रुपये का ईनाम भारतीय क्रिकेट के बढ़ते कद और वित्तीय मजबूती को दर्शाता है। बोर्ड सचिव ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह पुरस्कार खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और मैदान पर उनके अटूट जज्बे का सम्मान है।

जल्द ही मुंबई में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहाँ टीम इंडिया के नायकों को यह राशि प्रदान की जाएगी।

Related Posts