सूरत : “स्त्री कॉन्क्लेव सीजन–5” का भव्य आयोजन, 350 महिलाओं का हुआ सम्मान
सूरत। सूरत में महिला सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच सूरत जागृति शाखा द्वारा संयुक्त रूप से “स्त्री कॉन्क्लेव सीजन–5” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 5 मार्च को वनिता विश्राम ग्राउंड, शिव गौरी हॉल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लगभग 350 महिलाओं को सम्मानित किया गया। ये महिलाएँ अपने परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के बल पर समाज में प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईपीएस अनुपम सिंह गहलोत रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती संध्या ए. सिंह गहलोत और तुषारिका राजगुरु की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्त्री केवल शक्ति का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समाज के लिए एक वरदान है। वह परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में समान रूप से योगदान देती है। आज अनेक महिलाएँ अपने साहस और आत्मविश्वास के बल पर स्वयं का व्यवसाय शुरू कर रही हैं, रोजगार के अवसर पैदा कर रही हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
इस अवसर पर जागृति शाखा की संस्थापक प्रेरणा जी भाऊवाला ,अध्यक्ष स्वाति जी चौधरी, सचिव इंदु खराड़ी एवं पूर्व अध्यक्ष प्रियंका जी बंसल सहित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सूरत जागृति शाखा संस्था का भी सम्मान किया गया, जो समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
यह कार्यक्रम महिला सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
