सूरत : 6 करोड़ की लेम्बोर्गिनी के लिए 13.81 लाख की ‘0001’ नंबर प्लेट

कारोबारी परेश खंडेलवाल ने RTO नीलामी में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, ‘JX’ सीरीज़ में मचा फैंसी नंबरों का क्रेज

सूरत : 6 करोड़ की लेम्बोर्गिनी के लिए 13.81 लाख की ‘0001’ नंबर प्लेट

सूरत। शौक और लग्ज़री लाइफस्टाइल के लिए पहचाने जाने वाले Surat में एक बार फिर फैंसी नंबरों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला।

सूरत RTO द्वारा जारी नई ‘JX’ सीरीज़ की नीलामी में शहर के उद्योगपति परेश खंडेलवाल ने अपनी करीब 6 करोड़ रुपये की लेम्बोर्गिनी के लिए ‘0001’ नंबर हासिल करने को 13,81,000 रुपये की बोली लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया।

चारपहिया वाहनों के लिए जारी ‘JX’ सीरीज़ में ‘0001’ नंबर सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। कई उद्योगपति और कार प्रेमी इस नंबर को पाने की दौड़ में थे, लेकिन यशवी ग्रुप के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर परेश खंडेलवाल ने सबसे ऊंची बोली लगाकर बाज़ी मार ली।

RTO अधिकारियों के अनुसार, सूरत में किसी एक नंबर के लिए अब तक इतनी बड़ी रकम की पेशकश नहीं हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि 13.81 लाख रुपये में एक प्रीमियम सेडान या शानदार SUV खरीदी जा सकती है, लेकिन यह रकम केवल नंबर प्लेट के लिए खर्च की गई।

परेश खंडेलवाल को लग्ज़री कारों और फैंसी नंबरों का विशेष शौक है। उनके कलेक्शन में BMW, मर्सिडीज, रेंज रोवर और लेम्बोर्गिनी जैसी कारें शामिल हैं, जिनमें अधिकांश के नंबर ‘0001’ हैं।

इससे पहले उन्होंने अपनी रेंज रोवर के लिए ‘RZ’ सीरीज़ में ‘0001’ नंबर हासिल करने के लिए 11.95 लाख रुपये खर्च किए थे। इस बार 13.81 लाख की बोली लगाकर उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।

नीलामी में केवल ‘0001’ ही नहीं, बल्कि अन्य फैंसी नंबरों के लिए भी ऊंची बोलियां लगीं।

  • ‘9999’ नंबर 3.62 लाख रुपये में बिका

  • ‘0007’ नंबर 3.01 लाख रुपये में

  • GJ-05-JX-1234 के लिए 2.83 लाख रुपये

  • GJ-05-JX-9119 के लिए 81,000 रुपये

  • GJ-05-JX-0005 के लिए 70,000 रुपये

  • GJ-05-JX-7000 के लिए 65,000 रुपये

  • GJ-05-JX-1000 के लिए 61,000 रुपये

  • GJ-05-JX-0006 के लिए 55,000 रुपये

  • GJ-05-JX-0012 के लिए 42,000 रुपये

इन आंकड़ों से साफ है कि सूरत में फैंसी नंबरों को लेकर दीवानगी लगातार बढ़ रही है। RTO की इस नीलामी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सूरत में शौक की कोई कीमत नहीं होती।

Tags: RTO Surat