सूरत : राजस्थान युवा संघ फागोत्सव 2026 की तैयारियाँ पूर्ण, तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आगाज़ 28 फरवरी को
पूरे ग्राउंड की गैलरी को “भारत 2047” थीम पर सजाया जाएगा, जो विकसित भारत के संकल्प को दर्शाएगी
राजस्थान युवा संघ (गुजराती मारवाड़ी समाज) द्वारा आयोजित फ़ागोत्सव 2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने हेतु कार्यकर्ता एवं कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठकें निरंतर हो रही हैं। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न समाजों की भागीदारी सुनिश्चित एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं को अंतिम रूप दिया गया।
यह तीन दिवसीय फागोत्सव 28 फरवरी से 02 मार्च 2026 तक गोडादरा स्थित तुलसी पार्टी प्लॉट में प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से आयोजित होगा। पूरे ग्राउंड की गैलरी को “भारत 2047” थीम पर सजाया जाएगा, जो विकसित भारत के संकल्प को दर्शाएगी।
प्रथम दिवस – 28 फरवरी 2026 कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से होगा, जो संघ से जुङे समाजसेवी एवं पूर्व IRS अधिकारी अशोक सिंह के करकमलों द्वारा सम्पन्न होगा। पहले दिन कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक होली धमाल एवं गिंदड़ की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही राजस्थान से आए वीणा एवं पणिहारी ग्रुप सहित विभिन्न लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे।
द्वितीय दिवस – 01 मार्च 2026 दूसरे दिन दीप प्रज्वलन छाँयडो समूह के समाजसेवी भरतभाई शाह द्वारा किया जाएगा। इस दिन अग्नि नृत्य, कच्छी घोड़ी, गोरबंद, कालबेलिया, भवाई एवं गुजराती लोक संस्कृति की विशेष प्रस्तुतियाँ होंगी।
संघ व समाज की महिला शक्ति द्वारा विशेष घूमर नृत्य का आयोजन कर 2025 वर्ल्ड रिकॉर्ड को पुनः सजीव किया जाएगा तथा इस दिन विचित्र वेशभूषा प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। हर वर्ष की भांति संघ के सभी कार्यकर्ता व उपस्थित लोगों द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि प्रस्तुत की जाएगी।
तृतीय दिवस – 02 मार्च 2026 तीसरे दिन दीप प्रज्वलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह संपर्क प्रमुख नंदकिशोर शर्मा जी द्वारा किया जाएगा।
इस दिन बंजारा फ्यूजन ग्रुप, मधुर नृत्य, राधा-कृष्ण रास होली एवं गणेश वंदना सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। फूलों की होली खेली जाएगी, बाबा श्याम का भव्य दरबार सजेगा एवं महा आरती का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में घांची समाज, कुमावत समाज, आंजना पटेल समाज, सिरवी समाज एवं माली समाज द्वारा पारंपरिक गेर नृत्य की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समाजहित में अंगदान प्रतिज्ञा जनजागृति अभियान भी चलाया जाएगा
संघ के अध्यक्ष विक्रमसिंह शेखावत ने अधिकाधिक संख्या में इष्ट मित्रों एवं परिवार सहित पधारकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।
