अमेरिकी सेना ने कैरेबियन सागर में मादक पदार्थों की तस्करी वाली नौका पर हमला किया, तीन की मौत

अमेरिकी सेना ने कैरेबियन सागर में मादक पदार्थों की तस्करी वाली नौका पर हमला किया, तीन की मौत

वाशिंगटन, 24 फरवरी (वेब वार्ता)। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने सोमवार को कैरेबियन सागर में एक नौका पर हमला कर तीन लोगों को मार गिराया जिससे नशीले पदार्थों की कथित तस्करी की जा रही थी।

यह कार्रवाई ट्रंप प्रशासन के संदिग्ध तस्करों के खिलाफ कई महीने से चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। ट्रंप सरकार ने पिछले साल सितंबर की शुरुआत से समुद्र में छोटी नावों के जरिए नशीली दवाओं की तस्करी करने वालों (नार्को-टेररिस्ट) के खिलाफ यह अभियान शुरू किया था।

सोमवार को हुए इस हमले के बाद, ऐसी घटनाओं में अब तक मरने वालों की कुल संख्या कम से कम 151 हो गई है। अब तक इस तरह के 40 से ज़्यादा हमले हो चुके हैं।

पिछले हमलों की तरह इस बार भी अमेरिकी दक्षिणी कमान ने यही कहा कि उन्होंने तस्करी के मार्गों पर मादक द्रव्यों के तस्करों को निशाना बनाया है।

सेना ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया कि उस नाव में वाकई नशीले पदार्थ थे, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो डाला है जिसमें एक छोटी नाव को नष्ट होते हुए देखा जा सकता है।

अमेरिकी कमान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई कि यह जहाज कैरेबियन सागर में तस्करी के जाने-माने रास्तों से गुजर रहा था और नशीली दवाओं के कारोबार में शामिल था।

इस कार्रवाई के दौरान तीन पुरुष ‘नार्को-टेररिस्ट’ मारे गए।’ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश लैटिन अमेरिका के मादक पदार्थ गिरोहों के साथ ‘सशस्त्र संघर्ष’ की स्थिति में है।

उन्होंने इन हमलों को सही ठहराते हुए कहा कि अमेरिका में नशीले पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए यह कड़ा कदम उठाना जरूरी है।

Tags: America