सूरत : राजस्थान युवा संघ, सूरत का तीन दिवसीय फागोत्सव 28 फरवरी से
डांडा रोपण व वैदिक पूजा के साथ तैयारियां पूरी, प्रतिदिन 8–10 हजार लोगों की भागीदारी की उम्मीद
राजस्थान युवा संघ, सूरत (गुजराती मारवाड़ी समाज) द्वारा आयोजित सांस्कृतिक महासंगम ‘फागोत्सव 2026’ का आयोजन 28 फरवरी से 2 मार्च तक गोडादरा स्थित तुलसी पार्टी प्लॉट में किया जाएगा। फागोत्सव से पूर्व रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डांडा रोपण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक पूजा विधिवत सम्पन्न हुई। समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
संघ के अध्यक्ष विक्रमसिंह शेखावत ने बताया कि वर्ष 1992 में स्थापित राजस्थान युवा संघ संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। तभी से प्रतिवर्ष फागोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान के सभी जाति-वर्ग की भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि फागोत्सव समाज की एकता, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, जहां राजस्थान का पारंपरिक घूमर और गुजरात का गरबा एक साथ देखने को मिलेगा। साथ ही आयोजन में ‘विकसित भारत 2047’ की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।
संघ के सचिव जगदीश शर्मा ने समाजबंधुओं से परिवार सहित अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। आयोजकों के अनुसार फागोत्सव में प्रतिदिन 8 से 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान 28 फरवरी को सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी एवं समाजसेवी अशोकसिंह, 1 मार्च को समाजसेवी भरतभाई शाह तथा 2 मार्च को आरएसएस के प्रांत सह संपर्क प्रमुख नंदकिशोर द्वारा दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7:30 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
आयोजन संयोजक रामअवतार पारीक और रमेश राठी ने बताया कि तीन दिवसीय समारोह में राजस्थान के प्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा घूमर, कालबेलिया, भवई, चरी, कच्छी घोड़ी, वीणा नृत्य सहित अनेक लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सहसंयोजक विनोद सारस्वत और बनवारी झाझड़िया ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष का फागोत्सव भव्य, अनुशासित और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप होगा।
