सूरत : एसएमए बैठक में टेक्सटाइल उद्योग में एआई के उपयोग पर जोर

अध्यक्ष नरेंद्र साबू बोले—नई तकनीक से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा

सूरत : एसएमए बैठक में टेक्सटाइल उद्योग में एआई के उपयोग पर जोर

सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (एसएमए) की 213वीं नियमित मासिक समस्या समाधान मीटिंग रविवार, 22 फरवरी 2026 को माहेश्वरी भवन, सिटी लाइट में आयोजित की गई। सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक चली इस बैठक का नेतृत्व एसएमए प्रमुख नरेंद्र साबू, पंच पैनल और कोर कमेटी टीम ने किया। बैठक में लगभग 90 व्यापारी भाइयों ने भाग लिया तथा समस्या समाधान के लिए प्राप्त 11 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। इनमें से एक मामले का समाधान तुरंत बातचीत के माध्यम से कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को पंच पैनल और लीगल टीम को आगे की प्रक्रिया के लिए सौंपा गया।

बैठक में 1 फरवरी को उठे एक मामले का समाधान भी साझा किया गया, जिसमें पुणे की एक महिला व्यापारी के साथ 22 लाख रुपये के माल के गलत डिस्पैच का विवाद था। एसोसिएशन के प्रयासों से महिला व्यापारी को 11 लाख रुपये नकद और शेष 11 लाख रुपये का माल बदलकर दिया गया।

सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (एसएमए) की बैठक में इस बार मुख्य चर्चा का विषय टेक्सटाइल उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग और उसके प्रभाव पर केंद्रित रहा। बैठक में व्यापारियों को एआई के विभिन्न पहलुओं और उद्योग में उसके बढ़ते महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

संगठन के अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने कहा कि आने वाले समय में टेक्सटाइल उद्योग को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ना अत्यंत आवश्यक होगा। इससे उद्योग की कार्यक्षमता और गति बढ़ेगी तथा व्यापार को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि एआई के प्रयोग से उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार होगा और प्रतिस्पर्धा में बढ़त हासिल की जा सकेगी।

बैठक में बताया गया कि एआई ने टेक्सटाइल उद्योग में नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। डिजाइन, उत्पादन और मार्केटिंग में एआई टूल्स के उपयोग से पारंपरिक कला को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। इससे उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन बेहतर हो रहे हैं तथा ग्राहकों की पसंद के अनुसार कस्टमाइजेशन भी संभव हो रहा है।

एसोसिएशन ने व्यापारियों को एआई टूल्स और तकनीकों के उपयोग में मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर तरीके से प्रमोट कर सकें। अध्यक्ष साबू ने बताया कि भविष्य में इस विषय पर समय-समय पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे और एआई की उपयोगी एप्लीकेशनों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

बैठक का समापन स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएमए परिवार के महेश पाटोदिया, दुर्गेश टिबड़ेवाल, मनोज अग्रवाल, रामकिशोर बजाज, राजेश गुरनानी, रामरतन वोहरा, प्रीतम भाई, रमेश नंदवानी, अभय राठी, कमलेश जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। 

D22022026-02

एसएमए ने पुणे की महिला व्यापारी को 11 लाख नकद और शेष माल बदलकर दिलाया न्याय

 सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (एसएमए) की हालिया बैठक में 1 फरवरी की मीटिंग से जुड़े एक महत्वपूर्ण विवाद के समाधान की जानकारी साझा की गई। संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि पुणे की एक महिला व्यापारी के साथ 22 लाख रुपये के माल के गलत डिस्पैच का मामला एसोसिएशन के हस्तक्षेप से सुलझा लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सूरत के एक व्यापारी द्वारा नकद में लिया गया माल गलत तरीके से भेज दिया गया था, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। एसएमए ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान कराया और महिला व्यापारी को 11 लाख रुपये नकद तथा शेष 11 लाख रुपये के माल की अदला-बदली कराकर संतोषजनक निपटारा कराया।

संगठन ने इसे व्यापारी हितों की रक्षा और आपसी विश्वास बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। अध्यक्ष ने कहा कि एसोसिएशन भविष्य में भी व्यापारियों के बीच उत्पन्न होने वाले विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Tags: Surat