सूरत : अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से सूरत टेक्सटाइल उद्योग को बड़ी राहत, निर्यात बढ़ने की उम्मीद

वैश्विक टैरिफ अवैध घोषित होने से भारतीय MMF यार्न और फैब्रिक्स की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, कारोबारियों ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताया

सूरत : अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से सूरत टेक्सटाइल उद्योग को बड़ी राहत, निर्यात बढ़ने की उम्मीद

सुप्रीम कोर्ट ऑफ युनाइटेड स्टेट द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को अवैध घोषित किए जाने के फैसले ने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार जगत में हलचल पैदा कर दी है। इस निर्णय को भारत, विशेष रूप से सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए नए अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

सूरत के कपड़ा कारोबारी गिरधर गोपाल मूंदड़ा ने इस फैसले को वैश्विक टेक्सटाइल व्यापार की दिशा बदलने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया लगभग 18 प्रतिशत टैरिफ हटने की स्थिति में भारतीय मैन-मेड फाइबर (MMF) यार्न और फैब्रिक्स अमेरिकी बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे। इससे सूरत से निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

कारोबारियों का मानना है कि टैरिफ समाप्त होने पर अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी, जिससे नई मशीनों में निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे सूरत के वैश्विक टेक्सटाइल हब बनने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों ने कहा कि बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में गुणवत्ता सुधार और बड़े पैमाने पर उत्पादन ही सफलता की कुंजी होगा। उन्होंने स्थानीय उद्योगपतियों से इस अवसर का लाभ उठाकर अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने और निर्यात बढ़ाने का आह्वान किया। व्यापार जगत का मानना है कि घटते व्यापार अवरोधों के बीच सूरत अब केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विश्व बाजार के लिए उत्पादन करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ सकता है।

Tags: Surat