सूरत : कला के रंगों से सराबोर हुई अठवा लाइंस, 'सूरत आर्ट स्ट्रीट 2026' का मेयर ने किया उद्घाटन

स्केट कॉलेज में दो दिवसीय आर्ट फेस्टिवल का आगा, लाइव पेंटिंग, संगीत और हस्तशिल्प बने आकर्षण का केंद्र

सूरत : कला के रंगों से सराबोर हुई अठवा लाइंस, 'सूरत आर्ट स्ट्रीट 2026' का मेयर ने किया उद्घाटन

सूरत। शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, सार्वजनिक एजुकेशन सोसाइटी और सार्वजनिक यूनिवर्सिटी के संयुक्त प्रयास से ‘सूरत आर्ट स्ट्रीट 2026’ कला महोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ।

यह दो दिवसीय आर्ट फेस्टिवल 21 और 22 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक स्केट कॉलेज के एम्फीथिएटर में आयोजित किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में सूरत के महापौर दक्षेश मावाणी ने फीता काटकर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सूरत शहर भाजपा अध्यक्ष परेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकारों की कृतियों की सराहना की।

महापौर दक्षेश मावानी ने कहा कि ऐसे कला महोत्सव शहर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करते हैं और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इसे शहर के समग्र विकास में सहायक पहल बताया।

वहीं, भाजपा शहर अध्यक्ष परेश पटेल ने कहा कि ‘सूरत आर्ट स्ट्रीट 2026’ स्थानीय कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है, जिससे स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा मिलेगा और आमजन में कला के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने जानकारी दी कि महोत्सव में शहर के कलाकारों और क्रिएटर्स ने पेंटिंग प्रदर्शनी, लाइव आर्ट डेमोंस्ट्रेशन, संगीत कार्यक्रम और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की हैं। आगंतुकों को हस्तनिर्मित क्राफ्ट, रचनात्मक उत्पाद और कलात्मक प्रस्तुतियों का अनूठा अनुभव मिल रहा है।

सार्वजनिक एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमैन आशीष वकील ने स्वागत भाषण में कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य कला को आमजन तक पहुंचाना और युवाओं में कला के प्रति रुचि व जागरूकता बढ़ाना है।

चैंबर की आर्ट, कल्चर एवं हैंडीक्राफ्ट कमेटी की चेयरपर्सन स्वाति सेठवाला ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी, जबकि कमेटी सदस्य मानसी विरानी ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।साथ ही श्रीमती कृतिका शाह, चैंबर की लेडीज विंग की चेयरपर्सन श्रीमती मयूरी मेवावाला और वाइस चेयरपर्सन श्रीमती अल्पा मद्रासी मौजूद थीं।

उद्घाटन समारोह में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष विजय मेवावाला, ऑनरेरी मिनिस्टर बिजल जरीवाला, ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी, पूर्व अध्यक्ष रोहित मेहता और रूपिन पचीगर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

दो दिनों तक चलने वाला यह कला महोत्सव सूरत के कला प्रेमियों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Tags: Surat SGCCI