सूरत : बिल्डर तुषार घेलानी सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, महिला मित्र पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
कॉल डिटेल्स और वित्तीय लेनदेन के आधार पर पुलिस ने महिला को लिया हिरासत में,लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुदकुशी के मामले में सुलझी गुत्थी
सूरत। सूरत के प्रतिष्ठित बिल्डर तुषार घेलानी आत्महत्या मामले में उमरा पुलिस ने एक बड़ा मोड़ लाते हुए उनकी महिला मित्र को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने गहन तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
शुरुआती दौर में यह मामला काफी पेचीदा नजर आ रहा था, क्योंकि आरोपी महिला ने भी पुलिस में अपनी ओर से शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उमरा पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए कॉल डिटेल्स , मैसेज, डिजिटल फुटप्रिंट्स और वित्तीय लेनदेन का बारीकी से विश्लेषण किया।
एसीपी जेड.आर. देसाई ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि महिला मित्र द्वारा बनाया गया मानसिक दबाव ही आत्महत्या का मुख्य कारण था। इन पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
1 फरवरी, 2026: तुषार घेलानी ने अपने घर पर अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी।उन्हें गंभीर स्थिति में महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की। 5 दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद, चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रेन डेड' घोषित कर दिया था।
तुषार घेलानी के परिवार ने पहले दिन से ही महिला मित्र पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार की आधिकारिक शिकायत और पुलिस की तकनीकी जांच के मेल खाने के बाद आखिरकार आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और व्यक्ति भी शामिल था।
तुषार घेलानी सूरत के रियल एस्टेट जगत का एक बड़ा और सम्मानित चेहरा थे।वर्ष 1990 से वे 'घेलानी बिल्डर्स' के माध्यम से निर्माण क्षेत्र में सक्रिय थे। पार्ले पॉइंट स्थित जॉली कॉम्प्लेक्स से अपना मुख्यालय संचालित करने वाले घेलानी अपने आधुनिक और लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते थे।उमरा पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मामले की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
