इटली को 24 रनों से हराकर इंग्लैंड सुपर 8 में पहुंचा
कोलकाता, 17 फरवरी (वेब वार्ता)। विल जैक्स (नाबाद 53/ एक विकेट), टॉम बैटन (30) और फिल सॉल्ट (28) रन के बाद जेमी ओवर्टन और सैम करन (तीन-तीन विकेट) की बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने टी-20 विश्वकप के 29वें मुकाबले में इटली पर संघर्षपूर्ण मुकाबले में 24 रनों से जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सुपर आठ में जगह बना ली है। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली शुरुआत बेहद खराब हुई और उसने महज 22 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये।
इसके बाद जस्टिन मोस्का और बेंजमिन मनेंटी जोड़ी ने पारी को संभाला और चौथे विकेट लिये 92 रन जोड़े। 12वें ओवर में विल जैक्स ने बेंजमिन मनेंटी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मनेंटी ने 25 गेंदों चार चौके और छह छक्के लगाते हुए 60 रनों की पारी खेली।
ग्रांट स्टुअर्ट 23 गेंदों में 45 रन बनाकर 19वें ओवर में आउट हुये। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्के और दो चौके लगाये। कप्तान हैरी मनेंटी और जसप्रीत सिंह 12-12 रन बनाकर आउट हुये।
मैच की आखिरी गेंद पर जेमी ओवर्टन ने अली हसन को बोल्ड कर 178 रन के स्कोर पर इटली की पारी का अंत कर मुकाबला 24 रनों से अपने नाम कर लिया।
